Sagwara News: राजस्थान के डूंगरपुर जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां सागवाड़ा थाना क्षेत्र के गोवाड़ी गांव में कर्ज और जमीन विवाद के चलते एक कलयुगी बेटे ने अपने 82 वर्षीय पिता गौतमलाल की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे कांतिलाल को अरेस्ट कर लिया है।
सागवाड़ा थाना प्रभारी मनीष खोईवाल के अनुसार आरोपी 27 अगस्त की रात पिता को गंभीर हालत में हॉस्पिटल लेकर पहुंचा और छत से गिरने की झूठी स्टोरी सुनाई। इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई। परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले गए, जहां पूरे मामले का खुलासा हुआ।
श्मशान घाट पर पट्टी खुलते ही सामने आया हत्या का खौफनाक सच
श्मशान घाट में अंतिम संस्कार की रस्मों के दौरान सिर पर बंधी पट्टी हटाई गई तो ग्रामीणों को गहरे घाव नजर आए। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को इन्फॉर्म किया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया, जिसमें धारदार हथियार से सिर पर तीन से चार घातक हमले किए जाने की पुष्टि हुई।
कर्ज चुकाने के लिए जमीन बेचने के विवाद में हुआ मर्डर
पुलिस कस्टडी में सख्ती से पूछताछ के दौरान आरोपी कांतिलाल ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी पर भारी कर्ज था और वह अपनी पैतृक जमीन बेचना चाहता था। पिता के लगातार विरोध करने पर उसने कुल्हाड़ी से हमला कर मर्डर कर दिया। पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।