Udaipur News: राजस्थान के उदयपुर में ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान एक भीषण हादसा हो गया। स्टील की गन से पटाखा फोड़ते समय गन का ढक्कन टूटकर युवक की गर्दन पर लगा। इस दुर्घटना में 22 साल के युवक की गंभीर चोट लगने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
यह दुर्घटना बुधवार दोपहर करीब एक बजे शहर के खेमपुरा चौराहे पर हुई। खेमपुरा से निकल रहा जुलूस अंजुमन चौक के मुख्य जुलूस में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान सलमान नाम का युवक भीड़ के साथ स्टील की गन में आलू बम रखकर आतिशबाजी कर रहा था, तभी अचानक यह हादसा हुआ।
स्टील गन का ढक्कन टूटने से हुआ गंभीर हादसा
पटाखा चलाते ही गन का पिछला ढक्कन जोरदार धमाके के साथ टूट गया और तेज रफ्तार से सीधे सलमान की गर्दन में जा धंसा। स्थानीय पुलिस अधिकारी सूरजमल मीणा ने बताया कि चोट इतनी गहरी थी कि युवक की श्वास नली और भोजन नली बुरी तरह फट गई और बहुत अधिक खून बह गया।
गंभीर रूप से घायल युवक जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद परिजन और आसपास मौजूद लोग उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार और इलाके में मातम पसर गया है और पुलिस जांच जारी है।