Bokaro News: बोकारो जिले के गोमिया-चतरोचट्टी थाना क्षेत्र स्थित कतवारी गांव निवासी प्रवासी मजदूर सत्येंद्र महतो का शव एक महीने बाद सऊदी अरब से गांव पहुंचा। शव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
स्थानीय पुलिस सूत्रों के अनुसार सत्येंद्र के अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, जिससे माहौल बेहद गमगीन हो गया। सत्येंद्र रोजगार की तलाश में 26 नवंबर 2024 को सऊदी अरब गए थे।
विदेशों से देर से शव आने पर सिकंदर अली ने जताई चिंता
सऊदी अरब में सत्येंद्र महतो हमद सालेह अल-काफ कॉन्ट्रैक्टिंग एस्टैब्लिशमेंट में ट्रक ड्राइवर थे। गत 25 जून को एक भीषण सड़क दुर्घटना में उनका निधन हो गया था। वे अपने पीछे पत्नी, एक बेटी और दो बेटों का परिवार छोड़ गए हैं।
मौके पर पहुंचे प्रवासी मजदूरों के हितैषी सिकंदर अली ने कहा कि विदेशों से महीनों बाद शव पहुंचने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं। उन्होंने इस गंभीर प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की है।