Sewati Valley News: सेवाती घाटी को नए पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य स्थानीय लोगों की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाना है। इसके तहत स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं और पारंपरिक बांस कारीगरों के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार किए जाएंगे।
पर्यटन सर्किट और बेहतर रोड कनेक्टिविटी बनाने की तैयारी
पर्यटन स्थलों को आपस में जोड़ने के लिए एक विशेष टूरिज्म सर्किट विकसित करने की योजना बनाई गई है। इसके लिए बेहतर रोड कनेक्टिविटी की समग्र कार्ययोजना तैयार की जा रही है। उपायुक्त अजय नाथ झा ने संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति और खानपान से रूबरू कराने के लिए होटलों व रेस्तरां में खास ‘सेवाती थाली’ परोसी जाएगी। इससे स्थानीय व्यंजनों को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत का प्रचार-प्रसार भी होगा। पूरी विकास कार्ययोजना जल्द ही राज्य सरकार की स्वीकृति के लिए भेजी जाएगी, जिसके बाद काम शुरू होगा।