जेएससीए अंडर-14 क्रिकेट ट्रायल: दस्तावेज जमा करने की अंतिम चेतावनी, खिलाड़ियों को पेन ड्राइव में लाना होगा डिजिटल ब्योरा

Share

- Advertisement -

Jamshedpur News: झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) ने आगामी सत्र 2026-27 के अंडर-14 क्रिकेट ट्रायल में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों को अंतिम चेतावनी जारी की है। जिन खिलाड़ियों के जरूरी दस्तावेज अब तक अधूरे हैं, उन्हें 27, 28 और 29 अक्टूबर को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित जेएससीए दफ्तर में सुबह 10:30 से शाम 5:00 बजे तक अपने कागजात जमा करने होंगे। संघ ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा में प्रक्रिया पूरी न करने वाले खिलाड़ियों के लिए चयन ट्रायल के दरवाजे हमेशा के लिए बंद हो जाएंगे।

जेएससीए सचिव सौरभ तिवारी और स्कूल, क्लब व संस्थान प्रतिनिधि डी. उमा राव ने संयुक्त रूप से यह स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ट्रायल प्रक्रिया में किसी भी तरह की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दस्तावेजों की जांच प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए संघ ने सख्त नियम लागू किए हैं।

पेन ड्राइव में डिजिटल ब्योरा लाना अनिवार्य

खिलाड़ियों के अभिभावकों को अपने साथ डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र, पीवीसी [Aadhaar Omitted], पिछले तीन शैक्षणिक सत्रों (2023-24, 2024-25 व 2025-26) की स्कूल अंक तालिकाएं, विद्यालय का वर्तमान मूल बोनाफाइड प्रमाण पत्र और माता या पिता का मतदाता पहचान पत्र लेकर पहुंचना होगा। केवल मूल दस्तावेज दिखाना ही काफी नहीं है, बल्कि इन सभी अभिलेखों की पीडीएफ फाइल पेन ड्राइव में सुरक्षित करके जमा करना भी अनिवार्य किया गया है।

उम्र के फर्जीवाड़े पर कड़ा डिजिटल पहरा

इस सख्त कार्रवाई के पीछे बीसीसीआई और जेएससीए का उम्र फर्जीवाड़े के खिलाफ चल रहा ‘जीरो टॉलरेंस’ अभियान है। अक्सर आयु वर्ग के टूर्नामेंटों में जाली दस्तावेजों के सहारे अधिक उम्र के खिलाड़ियों के उतरने से वास्तविक युवा प्रतिभाओं का हक मारा जाता रहा है।

इसी विसंगति को दूर करने के लिए दस्तावेजों की त्रिस्तरीय जांच के बाद आधुनिक टीडब्ल्यू-3 (TW-3) बोन डेंसिटी टेस्ट भी कराया जाएगा। क्रिकेट संघ ने साफ कर दिया है कि इस बार मैदान पर सफेद जर्सी केवल उन्हीं खिलाड़ियों को मिलेगी जो उम्र और हुनर दोनों पैमानों पर पूरी तरह खरे उतरेंगे।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News