Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर खराब मौसम की वजह से इंडिगो एयरलाइन ने अपनी 24 उड़ानें रद्द कर दी हैं। इस फैसले से 12 अराइवल और 12 डिपार्चर प्रभावित हुए हैं। एयरलाइन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे फ्लाइट की लेटेस्ट अपडेट के लिए संपर्क बनाए रखें।
कोलकाता, दिल्ली और मुंबई समेत कई प्रमुख रूट प्रभावित
कैंसिल उड़ानों में कोलकाता, पुणे, बेंगलुरु, हैदराबाद, मुंबई, अहमदाबाद, पटना और दिल्ली जैसे बड़े शहरों के रूट्स शामिल हैं। प्रभावित सेवाओं में कोलकाता-रांची-कोलकाता, पुणे-रांची-बेंगलुरु, हैदराबाद-रांची-हैदराबाद और मुंबई-रांची-मुंबई शामिल हैं। इंडिगो की 24 और एयर इंडिया एक्सप्रेस की 2 उड़ानें रद्द होने से 5000 से अधिक पैसेंजर्स प्रभावित हुए।
ऑपरेशनल कारणों के चलते बेंगलुरु-रांची-बेंगलुरु रूट पर चलने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX 1239/1244 भी रद्द रही। इसके अलावा दिल्ली-रांची एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट करीब एक घंटा देरी से पहुंची। वहीं रांची से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट ने भी अपने तय समय से काफी देर बाद उड़ान भरी।
लंदन-दिल्ली इंडिगो फ्लाइट की हीथ्रो पर इमरजेंसी लैंडिंग
इससे पहले बुधवार को लंदन से नई दिल्ली आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 04 में टेकऑफ के तुरंत बाद तकनीकी खराबी सामने आई थी। पायलटों ने स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर का पालन किया और विमान को सुरक्षित वापस लंदन हीथ्रो एयरपोर्ट पर उतार लिया था, जहां सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे।
कंपनी के प्रवक्ता ने आधिकारिक बयान जारी कर पुष्टि की कि 22 सितंबर को तकनीकी समस्या के चलते विमान को वापस मोड़ा गया था। एयरलाइन ने एयरपोर्ट पर फंसे यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए कस्टमर केयर और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए लगातार स्टेटस चेक करने की हिदायत दी है।