Ranchi News: झारखंड की सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की आत्महत्या के मामले में CBI ने जांच शुरू करते हुए प्राथमिकी (RC0482026S0007) दर्ज कर ली है। एजेंसी ने पिठौरिया थाने का केस अपने हाथ में लेकर अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और अन्य को आरोपी बनाया है, वहीं CBI की एक टीम अजय तिर्की के आवास पर भी पहुंची है।
झारखंड की चर्चित आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की आत्महत्या के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने जांच शुरू कर दी है। एजेंसी की विशेष अपराध शाखा-1 ने रांची के पिठौरिया थाने में पहले से दर्ज मामले को अपने हाथ में लेते हुए नया केस दर्ज किया है। CBI ने एफआईआर संख्या RC0482026S0007 के तहत अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और अन्य अज्ञात लोगों को अभियुक्त बनाया है।
आरोपी अजय तिर्की के घर पहुंची CBI टीम, बाहर पुलिस का पहरा
जांच को आगे बढ़ाते हुए CBI ने रांची पुलिस द्वारा अब तक जुटाए गए सभी साक्ष्य और दस्तावेज मांगे हैं, ताकि प्रारंभिक जांच के तथ्यों की कड़ियों को जोड़ा जा सके और नए सबूत जुटाए जा सकें।
इसी कड़ी में CBI की एक टीम मामले के नामजद आरोपी अजय तिर्की के आवास पर भी पहुंची है। जांच की कार्रवाई के दौरान घर के बाहर पुलिस का कड़ा पहरा तैनात किया गया है, ताकि कोई भी व्यक्ति बिना अनुमति अंदर या बाहर न जा सके।
फेसबुक लाइव में लगाए थे प्रताड़ना के आरोप
गौरतलब है कि 6 नवंबर को रांची के पिठौरिया थाना क्षेत्र के डहूटोली स्थित अपने आवास पर निशा भगत ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से ठीक पहले उन्होंने फेसबुक पर लाइव आकर रोते हुए अपनी परेशानियां साझा की थीं।
इस वीडियो में उन्होंने जमीन के कारोबार से जुड़े लोगों पर गंभीर प्रताड़ना का आरोप लगाया था और स्थानीय पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए थे। लाइव वीडियो के दौरान उन्होंने अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा का नाम लेते हुए उन पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप भी लगाया था।
एसआईटी जांच पर परिजनों की आपत्ति के बाद CBI को सौंपा गया मामला
घटना के बाद रांची पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था। हालांकि, मृतका के परिजनों ने एसआईटी की जांच पर आपत्ति जताते हुए पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग की थी। परिजनों की मांग और मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संज्ञान लिया और जांच CBI को सौंपने का निर्णय किया था।