Dhanbad News: छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए रेलवे प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। रविवार और सोमवार को होने वाले दोनों अर्घ्य के समय धनबाद रेल मंडल के 48 संवेदनशील स्थलों पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान तैनात रहेंगे। इन स्थानों के आसपास रेलवे लाइन के किनारे तालाब स्थित हैं, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु रेल पटरी पार कर छठ घाटों तक पहुंचते हैं।
धनबाद रेल मंडल के वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त अनुराग मीणा ने जानकारी दी कि गया-कोडरमा-धनबाद रेलखंड के चिह्नित संवेदनशील स्थानों से ट्रेनों को निर्धारित धीमी गति से गुजारा जाएगा। उन्होंने बताया कि रविवार को संध्या अर्घ्य के दौरान दोपहर एक बजे से रात आठ बजे तक तथा सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान सुबह तीन बजे से 11 बजे तक इन स्थलों से ट्रेनें केवल 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से परिचालित की जाएंगी।
महाप्रबंधक ने दिए विशेष निर्देश, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त तैनाती
रेलवे सूत्रों के अनुसार, पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने धनबाद और पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) रेल मंडल सहित अन्य मंडलों के मंडल रेल प्रबंधकों (डीआरएम) को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के विशेष निर्देश दिए हैं। इसके तहत चिह्नित स्थानों पर आरपीएफ और राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) के अधिकारी एवं जवान मुस्तैद रहेंगे।
इन स्टेशन क्षेत्रों में बढ़ाई गई विशेष निगरानी
कोडरमा आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि कोडरमा-गया रेलखंड के टनकुप्पा, पहाड़पुर, वंशीनाला, गुरपा और बंधुआ स्टेशन क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसके अतिरिक्त, हजारीबाग रोड से परसाबाद और कोडरमा के बीच के रेलखंड पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।
पूर्व मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त सह आरपीएफ आईजी अमरेश कुमार पूरी सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहे हैं। रेलवे प्रशासन ने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे छठ घाटों पर आते-जाते समय रेल पटरी पार करने में पूरी सावधानी बरतें।