National Weather News: दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी से ठीक पहले देशभर में मानसूनी गतिविधियां दोबारा जोर पकड़ चुकी हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 24 राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। इनमें से 18 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा में तेज तूफानी हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार तटीय और पश्चिमी इलाकों में मौसमी सिस्टम का असर सबसे ज्यादा दिखेगा। महाराष्ट्र और गोवा में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं गुजरात और सौराष्ट्र-कच्छ रीजन में 50 किमी प्रति घंटे की गति से तूफानी हवाओं के साथ भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने और हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। बिहार में 23 सितंबर से बारिश का सिस्टम मजबूत होगा, जहां 24 और 25 सितंबर को मूसलाधार बारिश का अलर्ट है। मध्य प्रदेश में भी भोपाल, इंदौर समेत कई जिलों में तेज बारिश की चेतावनी दी गई है।
दिल्ली-एनसीआर में खिली रहेगी धूप, उत्तराखंड में भारी बारिश
राजधानी दिल्ली और राजस्थान में मौसम मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। वहीं पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में 26 और 27 सितंबर को कई हिस्सों में बहुत भारी बारिश और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है।