Kolkata News: कोलकाता के हरिदेवपुर इलाके में सोमवार को एक 67 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी 85 वर्षीय बीमार मां की गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोप है कि लंबे समय से बीमार मां के इलाज का खर्च उठाने में असमर्थ होने के कारण बेटे ने यह कदम उठाया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित ने खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान उमारानी घोष (85) और आरोपित बेटे की पहचान सागर घोष (67) के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपित ने सफेद धागे से गला घोंटकर अपनी मां की हत्या की। प्रारंभिक पूछताछ में सागर ने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसकी मां लंबे समय से बीमार थीं और उनके इलाज का खर्च उठाना उसके लिए मुश्किल हो गया था।
घटनास्थल से मिला संदिग्ध नोट
जांच में सामने आया है कि उमारानी घोष और सागर मकान की दूसरी मंजिल पर रहते थे। घर में सागर की बहन भी साथ रहती थी, जबकि मकान की निचली मंजिल किराये पर दी गई थी। बताया जा रहा है कि वारदात के समय सागर की बहन घर पर मौजूद नहीं थी।
पुलिस को घटनास्थल से एक संदिग्ध नोट भी बरामद हुआ है। इस नोट में लिखा है कि उसने मां को मुक्ति दे दी है और घर लौटने पर वह भी नहीं मिलेगा। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह नोट खुद आरोपित सागर ने ही लिखा था या नहीं।
वर्ष 2021 में चली गई थी आरोपित की नौकरी
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, सागर घोष पेशे से इंजीनियर था, लेकिन वर्ष 2021 में उसकी नौकरी चली गई थी। पड़ोसियों का यह भी आरोप है कि वर्ष 2021 में उसने हथौड़े से अपनी पत्नी पर हमला कर उसकी हत्या करने की कोशिश की थी। इस घटना के बाद से उसकी पत्नी कथित तौर पर अपने बच्चे के साथ अलग रहने लगी थी। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।