Delhi News: चार लगातार असफलताओं के बाद भी हिम्मत न हारते हुए मोहिता शर्मा ने पांचवें प्रयास में यूपीएससी परीक्षा पास कर आईपीएस बनने का सपना पूरा किया। इसके बाद उन्होंने प्रसिद्ध टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति में एक करोड़ रुपये जीतकर नया इतिहास रचा।
दिल्ली में जन्मी मोहिता शर्मा का परिवार मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा का रहने वाला है। उनके पिता मारुति उद्योग लिमिटेड से सेवानिवृत्त हैं और माता गृहणी हैं। इकलौती बेटी होने के कारण उनके परिवार को लोगों की कई बातें सुननी पड़ती थीं। इस माहौल ने मोहिता को जीवन में कुछ बड़ा करने की प्रेरणा दी।
मोहिता की प्रारंभिक शिक्षा डीपीएस द्वारका से पूरी हुई। उन्होंने 10वीं में 92.20 प्रतिशत और 12वीं कक्षा में 90.70 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इसके बाद उन्होंने भारती विद्यापीठ कॉलेज से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में इंजीनियरिंग की डिग्री ली। 2012 में पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने देश सेवा का रास्ता चुना।
इंजीनियरिंग करने के बाद मोहिता ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी। पहले चार प्रयासों में लगातार असफलता मिलने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। मोहिता ने अपनी हर नाकामी से सीख ली। उन्होंने अपनी कमियों को सुधारा और नए सिरे से अधिक मेहनत के साथ आगे बढ़ीं।
साल 2016 में पांचवें प्रयास में मोहिता ने अपनी रणनीति से ऑल इंडिया 262वीं रैंक हासिल की। वह सहायक अनुभाग अधिकारी के पद पर कार्यरत रहते हुए आईपीएस अफसर बनीं। इसके बाद उन्होंने ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में हिस्सा लेकर 1 करोड़ रुपये की बड़ी इनामी राशि जीती।