अमृतसर एयरपोर्ट के पास दिखा संदिग्ध ड्रोन, सुरक्षा एजेंसियों में मचा हड़कंप, 7 फ्लाइट्स का रूट बदला

Share

- Advertisement -

Amritsar News: अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने परिसर के पास संदिग्ध ड्रोन गतिविधि दर्ज की। एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट पर रात भर हाई अलर्ट जारी रखा गया। रनवे की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने तुरंत सात उड़ानों की लैंडिंग रोक दी और उनका रूट डायवर्ट किया।

अचानक हुई इस हलचल से सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गईं। राजासांसी थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन इलाके में सघन जांच अभियान शुरू किया। छानबीन में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि एयरपोर्ट के समीपवर्ती एक गांव में स्पोर्ट्स टूर्नामेंट का आयोजन चल रहा था, जहां वीडियो रिकॉर्डिंग के मकसद से यह ड्रोन उड़ाया जा रहा था।

आठ किलोमीटर का नो-फ्लाई जोन, पुलिस ने शुरू की कड़ी कानूनी कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा कारणों से जिला प्रशासन ने एयरपोर्ट के 8 किलोमीटर के दायरे को पूरी तरह नो-फ्लाई जोन घोषित किया हुआ है। इस प्रतिबंधित क्षेत्र में किसी भी प्रकार का ड्रोन या उड़ने वाला उपकरण चलाना गैरकानूनी है। नियमों का उल्लंघन करते हुए टूर्नामेंट की कवरेज के लिए ड्रोन उड़ाने से विमानों की सुरक्षा सीधे तौर पर प्रभावित हुई।

प्रशासन ने इस पूरे घटनाक्रम को सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी माना है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित दायरे में नियम तोड़ने वाले जिम्मेदार लोगों की पहचान की जा रही है। फ्लाइट्स के संचालन में बाधा डालने और सुरक्षा नियमों की धज्जियां उड़ाने को लेकर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News