मणिपुर के मशहूर म्यूजिशियन विक्रम सिंह की दिल्ली में पीट-पीटकर हत्या, शोर मचाने का विरोध करने पर हुआ हमला

Share

- Advertisement -

Delhi News: मणिपुर के जाने-माने गिटारिस्ट और म्यूजिशियन चोंगथम विक्रम सिंह की दिल्ली में हत्या कर दी गई। साउथ दिल्ली के किलोकारी गांव में कुछ लोगों ने उन्हें पीट-पीटकर मार डाला। शोर मचाने का विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई थी। पुलिस ने इस मामले में सभी आरोपियों को दबोच लिया है।

यह दुखद वारदात रविवार देर रात करीब 11:30 बजे हुई। घर के बाहर कुछ डिलीवरी एग्जीक्यूटिव तेज आवाज में हंगामा कर रहे थे। 55 साल के विक्रम सिंह ने जब बाहर आकर उन्हें शोर मचाने से मना किया, तो बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते आरोपियों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया।

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

गंभीर चोट लगने के बाद विक्रम सिंह का बेटा उन्हें तुरंत ओखला के होली फैमिली अस्पताल ले गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन सोमवार सुबह इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल की मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक, शरीर पर भारी चोट लगने की वजह से उनकी मौत हुई है।

साउथ-ईस्ट दिल्ली के डीसीपी विनीत कुमार ने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की है। मामले में त्वरित कानूनी एक्शन लेते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

मणिपुर के मशहूर रॉक बैंड ‘फीनिक्स’ के थे लीड गिटारिस्ट

चोंगथम विक्रम सिंह मणिपुर में रॉक म्यूजिक के बड़े नाम थे। वे 1980 के दशक के लोकप्रिय रॉक बैंड ‘फीनिक्स’ के लीड गिटारिस्ट रहे थे। इसके अलावा उन्होंने ‘अल्ट्रा वाइरेस’ और ‘ईस्टर्न डार्क’ जैसे मशहूर बैंड्स के साथ भी काम किया था। बाद में वे दिल्ली आकर म्यूजिक टीचर के रूप में काम कर रहे थे।

मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने इसे संगीत जगत और मणिपुर के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज साझा करते हुए दिल्ली पुलिस से सख्त जांच और न्याय की मांग की है। विक्रम सिंह की मां चोंगथम कमला भी जानी-मानी शास्त्रीय गायिका हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News