Bengaluru News: बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड इलाके में रविवार को एक पेइंग गेस्ट (PG) की सातवीं मंजिल से संदिग्ध हालत में गिरने से 23 वर्षीय महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत हो गई। वहीं उसके साथ मौजूद 30 वर्षीय पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में एडमिट कराया गया है।
पुडुचेरी के रहने वाले थे दोनों, सुबह हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार मृतक महिला की पहचान पुडुचेरी निवासी जननी के रूप में हुई है, जो पट्टंदुर अग्रहारा की एक प्राइवेट कंपनी में काम करती थी। वह व्हाइटफील्ड के ईसीसी रोड स्थित पीजी में रहती थी। घायल युवक मनिचावेलु भी पुडुचेरी का रहने वाला है और एक लॉजिस्टिक्स कंपनी में जॉब करता है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना से पहले सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी। इसके बाद जननी ने कथित तौर पर सातवीं मंजिल से छलांग लगा दी। आशंका है कि उसने मनिचावेलु को भी अपने साथ खींच लिया, जिससे दोनों नीचे जा गिरे।
पुलिस ने शुरू की जांच, खंगाला जा रहा पुराना बैकग्राउंड
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। पुलिस अधिकारी दोनों के बैकग्राउंड और उनके आपसी रिश्ते की गहन जांच कर रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह केवल हादसा था या कोई पुराना विवाद।