अमृतपाल सिंह और बंदी सिखों की रिहाई के प्रदर्शन को लेकर चंडीगढ़ में सुरक्षा सख्त, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

Share

- Advertisement -

Chandigarh News: अमृतपाल सिंह और अन्य बंदी सिखों की रिहाई की मांग को लेकर बुधवार 29 जुलाई 2026 को चंडीगढ़ में एक शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आयोजन किया गया है। पंजाब के विभिन्न जिलों से समर्थकों के बस और अन्य गाड़ियों के माध्यम से पहुंचने की संभावना को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोग चंडीगढ़ में गाड़ियों के साथ रैली निकालने से पहले मोहाली स्थित ऐतिहासिक अंब गुरुद्वारा में सुबह 10 बजे एकत्र होंगे। वहां से समर्थकों का काफिला बसों और निजी गाड़ियों में सवार होकर चंडीगढ़ बुड़ैल जेल के पीछे वाले रास्ते से शहर की सीमा में प्रवेश करने की योजना बना चुका है।

शहर के इन प्रमुख रास्तों पर प्रभावित रहेगा ट्रैफिक

प्रदर्शनकारी सैक्टर-45 स्थित गौशाला चौक का चक्कर लगाने के बाद वापस बुड़ैल के पीछे के रास्ते से मोहाली लौट जाएंगे। चंडीगढ़ पुलिस ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चौराहे के दोनों तरफ मजबूत बैरिकेड्स लगा दिए हैं। पुलिस प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।

आयोजकों के अनुसार विधानसभा क्षेत्र दाखा और आसपास के ग्रामीण इलाकों से करीब 500 गाड़ियों के चंडीगढ़ कूच में शामिल होने की उम्मीद है। नेताओं ने सभी समर्थकों से किसी भी उकसावे या विवाद में न उलझने की अपील की है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से केवल शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर अपना ध्यान केंद्रित रखने का अनुरोध किया है।

यात्रियों की सुविधा के लिए पुलिस ने दी सलाह

चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों की सुविधा के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत सुबह 9:30 बजे से शहर के कई प्रमुख रास्तों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। पुलिस ने वाहन चालकों को सलाह दी है कि वे प्रभावित रूटों से बचें और अपनी यात्रा के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक चंडीगढ़-मोहाली बॉर्डर से सैक्टर-50/51 चौक, सरोवर पथ और सैक्टर-43 बस स्टैंड से गौशाला चौक तक विकास मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा। अंतर्राज्यीय बसों के रूट भी बदल दिए गए हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे प्रदर्शन वाले इलाकों में अनावश्यक जाने से बचें और सहयोग करें।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News