New Delhi News: स्पाइसजेट की उड़ानों में देरी और अचानक फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। यात्रियों का आरोप है कि उन्हें न तो समय पर सूचना मिल रही है और न ही कस्टमर सपोर्ट से सही मदद मिल पा रही है। इस बीच डीजीसीए ने एयरलाइन को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
स्पाइसजेट से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। यात्रियों का आरोप है कि उन्हें न तो समय पर फ्लाइट रद्द होने की जानकारी दी जा रही है और न ही हवाई अड्डे पर एयरलाइन कर्मचारियों से संतोषजनक सहयोग मिल रहा है। कई यात्रियों ने कर्मचारियों के व्यवहार और कस्टमर सपोर्ट की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताई है।
यात्रियों के अनुसार, फ्लाइट रद्द होने की स्थिति में उन्हें हवाई अड्डे पर कोई स्पष्ट मार्गदर्शन नहीं मिलता। उन्हें स्वयं एयरलाइन की वेबसाइट पर जाकर अपनी उड़ान की स्थिति जांचनी पड़ रही है, जहां कई बार समय पर सटीक जानकारी उपलब्ध नहीं होती। इसके अलावा कस्टमर सपोर्ट से संपर्क करने और टिकट का रिफंड पाने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
यात्री ने साझा किया अनुभव, खुद खोजनी पड़ी जानकारी
मार्केटिंग प्रोफेशनल सिमरन जुनेजा ने सोशल मीडिया पर अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने दिवाली पर घर जाने के लिए स्पाइसजेट की टिकट बुक की थी। उन्हें फ्लाइट रद्द होने की कोई आधिकारिक सूचना या नोटिफिकेशन नहीं मिला। उन्होंने बताया कि उनकी जानकारी में एक अन्य यात्री भी उसी उड़ान से जाने वाला था, जो जानकारी न मिलने के कारण फ्लाइट पकड़ने के लिए हवाई अड्डे तक पहुंच गया था।
सिमरन जुनेजा के अनुसार, एयरलाइन के ऑटोमेटेड कस्टमर सपोर्ट और चैटबॉट से भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली। चैटबॉट द्वारा दिए गए लिंक पर भी उड़ान से जुड़ा कोई विवरण मौजूद नहीं था। उनका आरोप है कि रद्द की गई उड़ानों को सूची से हटा दिया गया था। बाद में उन्होंने स्पाइसजेट की वेबसाइट पर फ्लाइट नंबर डालकर स्वयं उड़ान रद्द होने की पुष्टि की और बुकिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से रिफंड प्राप्त किया।
दुबई एयरपोर्ट पर कार्रवाई और डीजीसीए का नोटिस
परिचालन संबंधी चुनौतियों के बीच 12 नवंबर को दुबई हवाई अड्डे ने स्पाइसजेट की चेक-इन सेवाएं निलंबित कर दी थीं। यह कार्रवाई ग्राउंड हैंडलर के करीब 14 मिलियन दिरहम (लगभग 35.8 करोड़ रुपये) के बकाया भुगतान को लेकर की गई थी।
इसके बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने 17 नवंबर को स्पाइसजेट को कारण बताओ नोटिस जारी किया। नियामक ने उड़ानें रद्द होने, देरी, यात्री सुविधाओं, खड़े विमानों और लंबित भुगतानों सहित 8 बिंदुओं पर एयरलाइन से जवाब तलब किया है।
5,500 करोड़ रुपये जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी
वित्तीय स्थिति को मजबूत करने और खड़े विमानों को फिर से संचालन में लाने के लिए स्पाइसजेट के निदेशक मंडल ने 18 नवंबर को 5,500 करोड़ रुपये तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। हालांकि, यह राशि अभी एयरलाइन को प्राप्त नहीं हुई है। ऐसे में एयरलाइन की स्थिति में सुधार इस बात पर निर्भर करेगा कि वह कितनी जल्दी अपनी परिचालन समस्याओं को दूर कर उड़ानों को सामान्य कर पाती है।