New Delhi News: भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने असुरक्षित पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर के मामले में बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। जांच में कंपनी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के नमूनों में तय सीमा से अधिक ब्रोमेट और खतरनाक केमिकल पाए गए, जिसके बाद पानी को असुरक्षित घोषित किया गया।
एफएसएसएआई की जांच में बिसलेरी के पानी के नमूने में ब्रोमेट और पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स तय सीमा से अधिक मात्रा में पाए गए। इस मामले में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कंपनी के खिलाफ अभियोजन चलाने की मंजूरी दी गई है। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब एफएसएसएआई बेवरेज कंपनियों की जांच कर रहा है।
एनर्जी ड्रिंक के लेबल पर भी आपत्ति
जून में एफएसएसएआई ने एनर्जी ड्रिंक के लेबल के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई थी। नियामक का तर्क है कि कुछ पेय पदार्थों में बहुत ज्यादा मात्रा में चीनी मिलाई जाती है और इस तरह के वर्गीकरण से उपभोक्ता गुमराह हो सकते हैं, जिससे वे इनका ज्यादा सेवन कर सकते हैं। रेड बुल, पेप्सिको, मॉन्स्टर बेवरेज और रिलायंस कंज्यूमर ने नियामक के इस आदेश को दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी है।
रेड बुल को कोर्ट से मिला स्टे
रेड बुल को अदालत से एक स्टे मिल गया है, जिससे उसे एनर्जी ड्रिंक लेबल का इस्तेमाल जारी रखने की अनुमति मिल गई है। वहीं, अन्य कंपनियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपना मौजूदा स्टॉक खत्म होने के बाद इस वर्गीकरण का इस्तेमाल बंद कर दें। एफएसएसएआई ने रेड बुल को मिली इस राहत को चुनौती दी है और इस मामले की सुनवाई जनवरी में होनी है।