केएल राहुल ने जीता दिल, न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में मिला अवॉर्ड महिला ग्राउंड स्टाफ को किया गिफ्ट

Share

- Advertisement -

New Delhi News: भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में जीत के बाद एक प्रेरक मिसाल पेश की। मुकाबले में ‘गेम चेंजर ऑफ द मैच’ चुने जाने पर उन्हें उपहार स्वरूप मोबाइल फोन मिला था, जिसे उन्होंने अपने पास रखने के बजाय मैदान पर कार्यरत एक महिला ग्राउंड स्टाफ को भेंट कर दिया।

न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में भारतीय टीम की जीत के बाद विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल अपने खेल के साथ-साथ दरियादिली को लेकर भी चर्चा में हैं। बारिश से प्रभावित इस मैच में शानदार बल्लेबाजी के लिए राहुल को ‘गेम चेंजर ऑफ द मैच’ चुना गया और पुरस्कार के तौर पर एक मोबाइल फोन दिया गया। मैच के बाद राहुल ने यह फोन अपने पास रखने के बजाय मैदान की देखरेख में जुटी ग्राउंड स्टाफ की एक महिला सदस्य को उपहार में दे दिया। राहुल के इस कदम की खेल प्रेमियों के बीच काफी सराहना हो रही है।

बीसीसीआई ने साझा किया वीडियो

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने केएल राहुल के इस व्यवहार की सराहना करते हुए अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक वीडियो साझा किया। बोर्ड ने वीडियो के साथ लिखा, ‘बड़ा खिलाड़ी, उससे भी बड़ा दिल।’ साझा किए गए वीडियो में राहुल महिला ग्राउंड स्टाफ सदस्य को अपना पुरस्कार यानी मोबाइल फोन सौंपते नजर आ रहे हैं। अचानक मिले इस उपहार पर महिला कर्मी ने सुखद आश्चर्य व्यक्त करते हुए खिलाड़ी के प्रति आभार जताया।

राहुल की सूझबूझ से भारत ने दर्ज की जीत

दूसरे वनडे मुकाबले में केएल राहुल ने विपरीत परिस्थितियों में संयम भरी पारी खेलकर टीम इंडिया की जीत सुनिश्चित की थी। न्यूजीलैंड के 135 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम एक समय 26 ओवर में 113 रन पर 7 विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी। इसके बाद लगातार बारिश के कारण खेल आगे नहीं बढ़ सका।

अंपायरों ने डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) नियम का सहारा लिया, जिसके तहत उस समय पार स्कोर 109 रन तय था। भारतीय टीम का स्कोर पार स्कोर से 4 रन आगे था, जिसके चलते भारत को 4 रन से विजेता घोषित किया गया। राहुल ने 34 गेंदों पर नाबाद 26 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और एक छक्का शामिल था। इससे पहले उन्होंने श्रेयस अय्यर (30 रन) के साथ पांचवें विकेट के लिए 39 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम की पारी को संभाला था।

Read more

Related News