तीसरे अनौपचारिक टेस्ट में भारत ए मजबूत, तिलक-जुरेल के अर्धशतक के बाद प्रसिद्ध कृष्णा के दो झटके

Share

- Advertisement -

New Delhi News: न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीसरे अनौपचारिक टेस्ट के दूसरे दिन भारत ए ने मजबूत स्थिति हासिल कर ली है। पहली पारी 464/5 पर घोषित करने के बाद भारत ए ने दिन का खेल खत्म होने तक मेजबान टीम के 36 रन पर दो विकेट गिरा दिए। प्रसिद्ध कृष्णा ने चोट के बाद वापसी करते हुए दोनों विकेट झटके।

तीसरे अनौपचारिक टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारत ए ने शानदार बल्लेबाजी और सधी हुई गेंदबाजी के दम पर मेजबान न्यूजीलैंड ए पर शिकंजा कस लिया है। कप्तान ध्रुव जुरेल, तिलक वर्मा और वाशिंगटन सुंदर के उपयोगी अर्धशतकों की मदद से भारत ए ने अपनी पहली पारी पांच विकेट पर 464 रन बनाकर घोषित की। इसके जवाब में दिन का खेल समाप्त होने तक न्यूजीलैंड ए ने अपनी पहली पारी में दो विकेट खोकर 36 रन बना लिए हैं। कीवी टीम अभी भी भारत ए के स्कोर से 428 रन पीछे है।

स्टंप्स के समय क्रीज पर डीन फॉक्सक्रॉफ्ट 10 रन और जैक गिब्सन एक रन बनाकर नाबाद लौटे। बाएं पैर की मांसपेशियों की चोट से उबरने के बाद मैदान में लौटे तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने भारत ए को शानदार शुरुआत दिलाई। प्रसिद्ध ने न्यूजीलैंड ए के दोनों सलामी बल्लेबाजों—राइस मारियू (0) और कर्टिस हीफी (19) को पवेलियन भेजकर मेजबान टीम को बैकफुट पर धकेल दिया।

सुदर्शन शतक से चूके, जुरेल और तिलक की बेहतरीन पारियां

इससे पहले भारत ए ने शनिवार के स्कोर दो विकेट पर 227 रन से आगे खेलना शुरू किया। क्रीज पर मौजूद बी साई सुदर्शन अपने कल के स्कोर में सिर्फ 11 रन ही जोड़ पाए और 88 रन के निजी स्कोर पर जैक गिब्सन की गेंद पर बोल्ड होकर शतक से चूक गए। इसके बाद कप्तान ध्रुव जुरेल ने मोर्चा संभाला और 95 गेंदों में नौ चौकों और दो छक्कों की मदद से 71 रनों की तेज पारी खेली। उन्होंने 75 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, लेकिन कैमरन पॉल की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे।

ऋषभ पंत की गैरमौजूदगी में बैकअप खिलाड़ी के तौर पर शामिल किए गए तिलक वर्मा ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया। तिलक ने पहले रविंद्र जडेजा (25) के साथ 44 रन जोड़े। लंच तक भारत ए का स्कोर चार विकेट पर 331 रन था। लंच के तुरंत बाद गिब्सन की गेंद पर मैथ्यू बॉयल ने जडेजा का कैच लपका, जिससे भारत का पांचवां विकेट गिरा।

तिलक-सुंदर की शतकीय साझेदारी, प्रसिद्ध कृष्णा चमके

पांच विकेट गिरने के बाद तिलक वर्मा और वाशिंगटन सुंदर ने मोर्चा संभाला और आक्रामक रुख अपनाते हुए न्यूजीलैंड ए के गेंदबाजों को बैकफुट पर रखा। दोनों बल्लेबाजों ने छठे विकेट के लिए 197 गेंदों में 114 रनों की नाबाद साझेदारी कर टीम का स्कोर 400 के पार पहुंचाया। तिलक ने 131 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 81 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें पांच चौके और दो छक्के शामिल थे। वहीं वाशिंगटन सुंदर ने 107 गेंदों में दो चौकों की मदद से नाबाद 50 रन बनाए। 146 ओवर में स्कोर 464 रन पहुंचते ही भारत ए ने पारी घोषित कर दी।

आगामी टेस्ट सीरीज की तैयारियों के लिहाज से इस मैच में खेल रहे जसप्रीत बुमराह ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए बिना कोई विकेट लिए 11 रन दिए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने 12 रन देकर दो महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल कीं।

Read more

Related News