Chandigarh News: पंजाब विधानसभा चुनाव से ठीक छह महीने पहले भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह चुनावी मोड में उतर चुकी है। पार्टी ने राज्य में सितंबर और अक्टूबर के दौरान अपने शीर्ष तीन नेताओं के कई बड़े कार्यक्रम तय किए हैं। सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अक्टूबर में पंजाब के तीन दिवसीय दौरे पर आ सकते हैं।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जा रही है। पार्टी अमृतसर, जालंधर, लुधियाना और पटियाला के आसपास मुख्य आयोजन कराने पर विचार कर रही है। पहले दिन माझा क्षेत्र में रोड शो का प्रस्ताव है। इसके बाद प्रधानमंत्री राधा स्वामी सत्संग ब्यास के मुख्यालय में रात्रि विश्राम कर सकते हैं। बठिंडा में भी बड़ी रैली की तैयारी है।
नशे और कानून-व्यवस्था के खिलाफ चार शहरों से शुरू होगा भाजपा का मार्च
राज्य में कानून-व्यवस्था और नशे के मुद्दे को लेकर पार्टी 18 सितंबर से पठानकोट से विशाल मार्च निकालने जा रही है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन पहले दिन मार्च की अगुवाई करेंगे। इसके बाद 19, 20 और 21 सितंबर को तलवंडी साबो, केसगढ़ साहिब और फाजिल्का से केंद्रीय मंत्रियों के नेतृत्व में अलग-अलग मार्च शुरू होंगे।
सभी मार्च जालंधर पहुंचकर समाप्त होंगे, जहां गृह मंत्री अमित शाह एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रमों को अंतिम रूप देने के लिए दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक बुलाई गई है। इसमें पंजाब प्रभारी डॉ. सतीश पुनिया, प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और संगठन मंत्री मंथरी श्रीनिवासुलु शामिल होंगे।