Pithoragarh News: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के दौरान कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी का गुस्सा फूट पड़ा। मंच पर बोलने का मौका न मिलने और माइक बंद किए जाने से नाराज विधायक ने मंच पर ही माइक फेंक दिया और साउंड स्टाफ पर कड़ी नाराजगी जताई। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें धारचूला विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की खुली चुनौती दी है।
मेले की अध्यक्षता के बावजूद नहीं मिला बोलने का मौका
शनिवार को ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का आयोजन किया जा रहा था, जिसमें स्थानीय कांग्रेस विधायक हरीश धामी मेले की अध्यक्षता कर रहे थे। विधायक का आरोप है कि उन्हें अध्यक्ष होने के बावजूद मंच से अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया गया और उनका माइक बंद कर दिया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम स्थल से रवाना होने के बाद विधायक का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने मंच से ही अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए माइक फेंक दिया और साउंड स्टाफ के साथ तीखी बहस की। इस हंगामे के दौरान कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया।
मुख्यमंत्री को दी धारचूला से चुनाव लड़ने की चुनौती
हंगामे के दौरान कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सीएम को ‘कायर’ बताते हुए चुनौती दी कि अगर वे चाहें तो धारचूला विधानसभा सीट से उनके खिलाफ चुनाव लड़कर देख लें। विधायक ने दावा किया कि पार्टी का आदेश मिलने पर वे किसी भी सीट से चुनाव लड़ने को तैयार हैं और जनता की ताकत से मुख्यमंत्री को हरा सकते हैं।
बीजेपी ने विधायक के आचरण पर उठाए सवाल
इस पूरे घटनाक्रम के बाद राज्य की राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने विधायक के इस तरह के सार्वजनिक आचरण की कड़ी आलोचना की है। बीजेपी जिला मंत्री रघुवीर सिंह ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सार्वजनिक मंच पर एक विधायक का इस तरह का व्यवहार बेहद निंदनीय है।
बीजेपी नेता ने आरोप लगाया कि हरीश धामी ने पिछले पांच वर्षों में अपने क्षेत्र में कोई विकास कार्य नहीं किया है, जिसके चलते वे चुनाव में हार की बौखलाहट में इस तरह की हरकतें कर रहे हैं। इस घटना के बाद सीमांत क्षेत्र में सियासी पारा चढ़ गया है।