Sindhudurg/Parbhani News: महाराष्ट्र में एक सामाजिक संस्था ने आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) और डिजिटल उपकरणों की मदद से घर से भटक गई 45 वर्षीय महिला के गृहनगर का पता लगाकर उसे ढाई साल बाद उसके परिवार से मिलवाया है। मानसिक रूप से व्यथित अवस्था में मिली इस महिला को परभणी जिले में रहने वाले उसके स्वजनों को सौंप दिया गया है।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, जुलेखा मुखीद शेख को 3 अप्रैल 2024 को सिंधुदुर्ग जिले के पांडुर स्थित ‘संविता आश्रम’ में भर्ती कराया गया था। इससे पहले मुंबई की कोलाबा पुलिस और चेंबूर स्थित सरकारी महिला भिक्षु गृह के एक परिवीक्षा अधिकारी के अनुरोध पर कुर्ला की मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट अदालत ने महिला को आश्रम भेजने का आदेश जारी किया था।
डिजिटल उपकरणों और पुलिस की मदद से सुराग मिला
‘जीवन आनंद संस्था’ के न्यासी किसान चौरे और उनकी टीम ने जुलेखा की पृष्ठभूमि के बारे में जानकारी जुटाने के लिए उनसे नियमित रूप से बातचीत शुरू की। बातचीत से मिले शुरुआती संकेतों के आधार पर टीम ने उनके परिवार का पता लगाने के प्रयास तेज किए।
संस्था की टीम ने गूगल सर्च और चैटजीपीटी (ChatGPT) जैसे डिजिटल और AI उपकरणों की सहायता से महिला के गृहनगर की सटीक पहचान की। इसके बाद परभणी में ‘निर्भया’ पुलिस दस्ते की मदद से महिला के रिश्तेदारों से संपर्क साधा गया।
फोन पर बात के बाद पति आश्रम पहुंचे
ढाई साल तक अपने परिवार से दूर रहने के बाद जब जुलेखा की फोन पर अपने स्वजनों से बात कराई गई, तो परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। इसके बाद उनके पति मुखीद शेख 9 नवंबर को सिंधुदुर्ग के संविता आश्रम पहुंचे और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर पत्नी को अपने साथ घर ले गए।