Patna News: केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर संविधान और डॉ. भीमराव आंबेडकर के अपमान का आरोप लगाया है। पटना में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने परिसीमन विधेयक पर भी अपनी बात रखी और कहा कि इसका उद्देश्य लोकसभा में महिलाओं की एक-तिहाई भागीदारी सुनिश्चित करना है।
शुक्रवार को पटना में मीडिया को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राहुल गांधी की तुलना की। चिराग पासवान ने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद संविधान की प्रति के सामने झुककर उसके प्रति अपना सम्मान प्रकट किया था।
चिराग पासवान ने आरोप लगाया कि दूसरी ओर राहुल गांधी संविधान की प्रति को केवल अपनी जेब में लेकर घूमते हैं और मौका मिलने पर उसे निकालकर दिखाते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि राहुल गांधी, उनके परिवार और कांग्रेस पार्टी ने कभी भी संविधान और उसके रचयिता बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर का सम्मान नहीं किया।
आंबेडकर और 1989 की घटना का जिक्र
केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस के इतिहास पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब बाबा साहेब आंबेडकर चुनाव लड़ रहे थे, तब कांग्रेस ने उन्हें हराने की साजिश रची थी। उन्होंने आगे कहा कि उनके पिता दिवंगत रामविलास पासवान के प्रयासों के कारण ही वर्ष 1989 में संसद परिसर में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की जा सकी थी।
परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण पर बयान
परिसीमन विधेयक के मुद्दे पर बोलते हुए चिराग पासवान ने स्पष्ट किया कि इस विधेयक का मुख्य उद्देश्य लोकसभा में महिलाओं की भागीदारी को एक तिहाई करना है। उन्होंने बताया कि इसके तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया है, ताकि कम जनसंख्या वृद्धि दर वाले राज्यों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव न हो।
चिराग पासवान ने यह भी दावा किया कि कांग्रेस के कई सांसद इस प्रस्ताव से सहमत हैं, लेकिन कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व इस विषय पर चर्चा करने के लिए तैयार नहीं है।