जालंधर में बोले हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी- भाजपा जल्द जारी करेगी उम्मीदवारों की सूची, आप और कांग्रेस पर साधा निशाना

Share

- Advertisement -

Jalandhar News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को पंजाब के जालंधर में कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगामी विधानसभा चुनावों के लिए जल्द ही अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करेगी। सहयोग वेलफेयर सोसायटी के मेडिकल कैंप का उद्घाटन करने पहुंचे मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरेंगे और प्रदेश की जनता काम के आधार पर अपना फैसला करेगी।

अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सैनी ने आम आदमी पार्टी (आप) की 31 उम्मीदवारों की दूसरी सूची पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि ईमानदारी और बदलाव की उम्मीद में पार्टी को वोट देने वाली जनता के साथ धोखा हुआ है, क्योंकि आप ने फिर से ऐसे लोगों को टिकट दिया है जिन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे हैं। सैनी ने कहा कि पंजाब सरकार ने आम लोगों की समस्याओं और जरूरतों को पूरी तरह अनदेखा किया है और राज्य में आम आदमी की नहीं, बल्कि खास लोगों की सरकार चल रही है।

कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी पर भी कसा तंज

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने सत्ता में रहते हुए प्रदेश से नशा खत्म करने और हर घर में रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन उसके शासनकाल में नशे और बेरोजगारी की समस्या और अधिक बढ़ गई।

इसके अलावा, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के अवैध खनन के खिलाफ प्रदर्शन पर तंज कसते हुए सैनी ने कहा कि उन्हें डंपर में मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी बैठा लेना चाहिए, क्योंकि वर्तमान शासन में भी अवैध खनन के आरोप लग रहे हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के केवल बयानों से लोगों का पेट नहीं भरेगा, बल्कि प्रदेश की जनता को रोजगार और विकास के ठोस काम चाहिए।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News