Chandigarh News: आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के बीच संभावित गठबंधन में सीटों का बंटवारा सबसे बड़ी बाधा बना हुआ है। इस गतिरोध को समाप्त करने के लिए अब राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह सक्रिय हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, गत मंगलवार को कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की, जिसके बाद दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर रुकी हुई बातचीत फिर से आगे बढ़ी है।
गौरतलब है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह पहले भी कई बार शिअद-भाजपा गठबंधन की वकालत कर चुके हैं। उनका मानना है कि यदि पंजाब की सत्ता में वापसी करनी है, तो दोनों दलों को एक साथ आना होगा। बीते समय में भाजपा और शिअद के शीर्ष नेतृत्व के बीच हुई बैठकों में सीटों के बंटवारे को लेकर सहमति नहीं बन पा रही थी। भाजपा इस बार राज्य में अधिक सीटों की मांग कर रही है, जबकि शिअद कुछ सीटें छोड़ने को तैयार है, लेकिन कई ऐसी सीटें हैं जिन पर दोनों ही दल अपना दावा जता रहे हैं। इसी खींचतान के चलते पिछले पूरे सप्ताह दोनों दलों के नेताओं के बीच संवाद बंद रहा और अकेले चुनाव लड़ने की बयानबाजी तेज हो गई थी।
पीएम मोदी से मुलाकात के बाद तय हुई अमित शाह और सुखबीर बादल की बैठक
सूत्रों के मुताबिक, दोनों दलों के बीच बातचीत बंद होने की जानकारी मिलने पर कैप्टन अमरिंदर सिंह दिवाली के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भेंट करने दिल्ली पहुंचे। मंगलवार को हुई इस मुलाकात के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ पंजाब की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनावों के संभावित परिदृश्य पर विस्तृत चर्चा की। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने प्रधानमंत्री से गठबंधन पर एक बार फिर विचार करने का आग्रह किया, ताकि जनभावनाओं के अनुरूप मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतरा जा सके।
बताया जा रहा है कि इस मुलाकात के बाद ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के बीच बैठक तय की गई है। इस महत्वपूर्ण बैठक में केंद्रीय मंत्री एवं पंजाब चुनावी रणनीति की जिम्मेदारी संभाल रहे सीआर पाटिल तथा पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया को भी शामिल होने के लिए कहा गया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के महाराष्ट्र में निर्धारित कार्यक्रमों को देखते हुए यह बैठक शनिवार या रविवार को होने की संभावना है। इसके लिए पंजाब भाजपा के तीन वरिष्ठ नेताओं को भी दिल्ली बुलाया गया है, जहां गठबंधन की अंतिम शर्तों पर मुहर लग सकती है।
कौन हैं कैप्टन अमरिंदर सिंह?
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने वर्ष 2021 में मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने और चरणजीत सिंह चन्नी को सीएम बनाए जाने के बाद 2 नवंबर 2021 को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उन्होंने अपनी नई पार्टी ‘पंजाब लोक कांग्रेस’ के गठन की घोषणा की।
अगले ही वर्ष 19 सितंबर 2022 को कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपनी पार्टी का भाजपा में विलय करते हुए भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। वर्तमान में वे पंजाब भाजपा में एक वरिष्ठ मार्गदर्शक की भूमिका निभा रहे हैं।