New Delhi News: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के उन आरोपों पर तीखा पलटवार किया, जिनमें उन्होंने दावा किया था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनका फोन टैप करवा रहे हैं। भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी के दावों को निराधार बताते हुए सवाल किया कि यदि उन्हें वास्तव में लगता है कि उनका फोन टैप हो रहा है, तो उन्होंने अब तक जांच के लिए अपना मोबाइल फोन पुलिस या संबंधित एजेंसियों को क्यों नहीं सौंपा।
इससे पहले राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सीधी बहस की चुनौती दोहराते हुए आरोप लगाया था कि उनके फोन में प्रधानमंत्री के खिलाफ आरोपों से जुड़े सबूत मौजूद हैं, जिसके कारण उनके फोन की टैपिंग कराई जा रही है। इसके जवाब में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और प्रवक्ताओं ने कांग्रेस नेता पर बिना सबूत बयानबाजी करने का आरोप लगाया।
केशव प्रसाद मौर्य और केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने उठाए सवाल
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राहुल गांधी के आरोपों पर तंज कसते हुए कहा कि किसी विदेशी ने पहले ही राहुल गांधी को हैक कर लिया है, इसलिए किसी को भी उनका फोन हैक करने की आवश्यकता नहीं है।
वहीं, केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जो कहते हैं और जो करते हैं, उसमें बहुत अंतर रहता है। उन्होंने कहा कि किसी भी आरोप को तभी गंभीर माना जा सकता है जब उसके समर्थन में ठोस सबूत हों, इसलिए राहुल गांधी को बिना प्रमाण ऐसे बेबुनियाद आरोप नहीं लगाने चाहिए।
थाने में फोन जमा कराने की दी सलाह, दिमाग की जांच कराने की बात कही
भाजपा प्रवक्ता आरपी सिंह ने कांग्रेस नेता के दावों पर सवाल उठाते हुए सुझाव दिया कि वह जांच के लिए अपना फोन पुलिस को सौंप दें। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी खबरों में बने रहने के लिए हर दिन नए और झूठे दावे गढ़ते हैं। सिंह ने कहा कि यदि उनका फोन टैप हो रहा है, तो उन्हें नजदीकी थाने में जाकर अपना फोन जमा करा देना चाहिए, जिससे सारी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
केरलम भाजपा के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राहुल गांधी को अपने दिमाग की जांच करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी को भी उनके फोन की टैपिंग कराने में कोई दिलचस्पी नहीं है, और यदि किसी की दिलचस्पी है तो केवल यह समझने में कि उनका दिमाग केवल झूठ पर ही क्यों चलता है।
संसद में चर्चा करने की नसीहत, ‘आरोप लगाओ और भाग जाओ’ की राजनीति का आरोप
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि राहुल गांधी जिस चर्चा की बात कर रहे हैं, वह सड़क पर नहीं होती, बल्कि प्रधानमंत्री और नेता प्रतिपक्ष के बीच चर्चा संसद में होती है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के बीच संसद में तर्क-वितर्क होने से संविधान की गरिमा बनी रहती है, इसलिए राहुल गांधी को अपनी सड़क छाप राजनीति बंद कर संसद में प्रधानमंत्री से चर्चा करनी चाहिए।
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी ने राहुल गांधी की आलोचना करते हुए कहा कि यह जानकारी है कि उनके पास कितने फोन हैं और उन फोन पर किस देश में कौन बैठकर बात कर रहा है। उन्होंने सवाल किया कि वह ऐसी किन गतिविधियों में शामिल होते हैं कि उन्हें अपना फोन टैप किए जाने का डर सता रहा है।
इसके अतिरिक्त, भाजपा प्रवक्ता तुहिन सिन्हा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ‘आरोप लगाओ और भाग जाओ’ की राजनीति में विश्वास रखते हैं और बिना प्रमाण के मनगढ़ंत बातें फैलाते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों के अंतराल पर नए आरोप लगाने के बावजूद वह उन्हें साबित करने की परवाह नहीं करते, जैसा कि पिछले महीने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात के समय भी देखा गया था, जब उन्होंने ‘वोट चोरी’ के अपने दावों के समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया था।