अनंत सिंह की बेटी के तिलक समारोह में जुटे भाजपा के दिग्गज मंत्री, जेडीयू के बड़े नेताओं ने बनाई दूरी

Share

- Advertisement -

Patna News: बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी के तिलक समारोह में जनता दल यूनाइटेड (JDU) के किसी बड़े नेता ने शिरकत नहीं की, जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कई केंद्रीय और राज्य मंत्रियों का जमावड़ा देखने को मिला। पिछले महीने जेडीयू से निष्कासित किए गए अनंत सिंह के पारिवारिक आयोजन में एनडीए के सहयोगी दलों के इस अलग-अलग रुख ने बिहार के राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

पटना जिले के मोकामा से छह बार के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को उनके पैतृक गांव नदवां (बाढ़) में होनी है। इससे पहले शुक्रवार शाम पटना के दानापुर स्थित सगुना मोड़ के एक रिसॉर्ट में तिलक और फलदान समारोह आयोजित किया गया। अनंत सिंह अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ नदवां से तिलक लेकर पटना पहुंचे थे, जहां कई राजनेताओं और अन्य हस्तियों ने शिरकत की।

भाजपा और आरएलएम के कई मंत्री व विधायक हुए शामिल

जेडीयू से निष्कासित अनंत सिंह की बेटी के तिलक समारोह में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी और पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र शामिल हुए। इसके अलावा उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के विधायक माधव आनंद, आलोक सिंह और रामेश्वर महतो भी समारोह में नजर आए।

जेडीयू नेताओं की गैरमौजूदगी पर टिकी निगाहें

एक ओर जहां इस समारोह में भाजपा कोटे के मंत्रियों की मौजूदगी रही, वहीं दूसरी ओर जेडीयू के किसी भी मंत्री या वरिष्ठ नेता ने इस कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लिया। जेडीयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी को अनंत सिंह का करीबी माना जाता रहा है, लेकिन इस आयोजन से जेडीयू खेमे ने दूरी बनाए रखी। अब राजनीतिक हलकों की नजर 25 नवंबर को होने वाले विवाह समारोह पर टिकी है कि उसमें जेडीयू के नेता शामिल होते हैं या नहीं।

पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते हुए थे निष्कासित

गौरतलब है कि पिछले महीने हुए बिहार विधान परिषद चुनाव में पटना स्नातक सीट से जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार का विरोध करने के कारण अनंत सिंह को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया था। अनंत सिंह ने पार्टी लाइन से हटकर जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह का खुलकर समर्थन किया था, हालांकि इस चुनाव में नीरज कुमार जीत दर्ज करने में सफल रहे थे। इसके बाद जेडीयू ने विधानसभा अध्यक्ष से अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता रद्द करने की मांग भी की है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News