यूपी चुनाव 2027: भाजपा ने उतारे 40 पर्यवेक्षक, हर दो जिलों के बीच एक, गांवों में लगाएंगे चौपाल

Share

- Advertisement -

Lucknow News: मिशन 2027 को सफल बनाने के लिए भाजपा ने उत्तर प्रदेश में 40 पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं। पार्टी हर दो जिले के बीच एक पर्यवेक्षक उतारेगी, जो चुनावी तैयारियों को परखते हुए गांवों में चौपाल लगाने की रणनीति बनाएंगे। दूसरे राज्यों से आए संगठन मंत्रियों ने छह क्षेत्रों में मोर्चा संभाल लिया है।

पर्यवेक्षकों में ऐसे लोगों का नाम शामिल किया गया है जो चुनाव और संगठन की राजनीति में लंबे समय तक रहे हैं। वहीं, दूसरे राज्यों से आए संगठन मंत्रियों ने छह क्षेत्रों में क्षेत्रीय एवं जिला टीमों के साथ बैठक शुरू कर दी है। मथुरा में 16 और 17 नवंबर को आयोजित योजना बैठक के साथ ही भाजपा ने छह क्षेत्रों में चुनाव से कई माह पहले अलग-अलग राज्यों के संगठन मंत्री उतार दिए।

पर्यवेक्षकों की भूमिका तय

पर्यवेक्षक जिला प्रभारियों, विधानसभा चुनाव प्रभारियों और विस्तारकों के साथ समन्वय रखते हुए गांवों में होने वाली चौपालों की रिपोर्ट प्रदेश और केंद्रीय टीम को देंगे। इस बहाने पर्यवेक्षक भाजपा की चुनावी तैयारियों की समीक्षा कर रिपोर्ट तैयार करेंगे। पार्टी ने 403 विधान सभा सीटों पर ऐसे चेहरों को प्रभारी बनाया है जिनके पास संगठन में रहते हुए चुनाव लड़ाने का अनुभव है।

दिसंबर में गांवों में लगेंगी चौपाल

दिसंबर माह के अंदर गांवों में चौपाल लगाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाएं बताते हुए उन्हें सुशासन का स्मरण दिलाया जाएगा। भाजपा विशेष रूप से सपा की सरकारों का रिकॉर्ड चौपालों में भी रखेगी। 2017 से लगातार सत्ता में रहने वाली भाजपा को सत्तारोधी रुझान, विधायकों के प्रति नाराजगी, यूजीसी एवं आरक्षण समेत कई मुद्दों पर उबाल एवं सपा के पीडीए की धार तेज की जानकारी है, ऐसे में पार्टी पूरी तरह कानून व्यवस्था, विकास एवं राष्ट्रवाद पर केंद्रित होकर जनता को अपने पाले में करने में जुटी है।

कार्यकर्ताओं को चुनावी कमान देने की तैयारी

लखनऊ में 30 अक्टूबर को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को मालिक बताकर उनका मनोबल बढ़ाया, वहीं मथुरा के मंथन में भी कार्यकर्ताओं को सर्वोपरि कहकर उन्हें चुनावी कमान देने की तैयारी है। पार्टी आक्रामक रणनीति के साथ चुनाव में उतरेगी, जिसकी रणनीतिक निगरानी के लिए पर्यवेक्षक बनाए जा रहे हैं। 18 मंडलों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं सभी विधान सभा क्षेत्रों तक राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं गृहमंत्री अमित शाह की जनसभाएं की जाएंगी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News