Lucknow News: लखनऊ में फ्रेंड्स ऑफ योगी द्वारा आयोजित युवा संवाद ‘योगी की पाती’ में उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था में आए बदलावों और बुलडोजर नीति के प्रभावों पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने 2017 के बाद अपराधों में कमी और सुरक्षित माहौल से रोजगार व निवेश में वृद्धि को योगी सरकार की निर्णायक नीतियों का परिणाम बताया।
रविवार को गोमतीनगर के 1090 चौराहे पर हुए कार्यक्रम में 2017 से पहले और बाद की स्थिति की तुलना की गई। वक्ताओं ने अपराध नियंत्रण, अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई और तकनीक आधारित पुलिसिंग को बदलाव का आधार बताया। संवाद में 2017 से पहले अपराधी-माफिया नेटवर्क और राजनीतिक संरक्षण के गठजोड़ पर भी चर्चा हुई।
पूर्व डीजीपी बोले- बुलडोजर कार्रवाई कठोर नीति का प्रतीक
पूर्व डीजीपी अरविंद कुमार जैन ने कहा कि पुलिस की सक्रियता, अपराधियों पर सख्त कार्रवाई और अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान से कानून का इकबाल मजबूत हुआ है। बुलडोजर कार्रवाई अपराध और अवैध संपत्तियों के खिलाफ कठोर नीति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गुंडागर्दी पर सख्ती जरूरी है, ताकि अपराधियों में कानून का भय और समाज में स्पष्ट संदेश कायम हो।
2016 के मुकाबले डकैती में 87 प्रतिशत की कमी
उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के सदस्य व वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत सिंह अटल ने कहा कि बुलडोजर कार्रवाई न्यायिक समीक्षा के दायरे में है और अधिकांश मामलों में उच्च न्यायालय व उच्चतम न्यायालय ने सरकार के एक्शन का समर्थन किया है। उन्होंने दावा किया कि 2016 के मुकाबले डकैती में 87 प्रतिशत और हत्या में 43 प्रतिशत की कमी आई है। कार्यक्रम में नागरिकों, महिलाओं, व्यापारियों और उद्यमियों की सुरक्षा समेत नौ प्रमुख विषयों पर चर्चा हुई।