Bhagalpur News: भागलपुर से बांका के बीच सफर करने वालों को अब टोल टैक्स देना होगा। पथ निर्माण विभाग ने भागलपुर-बांका स्टेट हाइवे-25 पर वर्ष 2026-27 की टोल टैक्स दरें तय करते हुए अधिसूचना जारी कर दी है। टोल की वसूली बांका जिले में समुखिया मोड़ के पास बने टोल प्लाजा से होगी, जबकि निजी कारों को इससे छूट मिली है।
विभाग की ओर से विभिन्न श्रेणी के वाहनों के लिए प्रति किलोमीटर आधार दर निर्धारित की गई है। टोल टैक्स की वसूली के लिए बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड (बीएसआरडीसीएल) को अपने अधिकारियों या ठेकेदार के माध्यम से शुल्क वसूलने के लिए अधिकृत किया गया है। भागलपुर-बांका स्टेट हाइवे की कुल लंबाई 44.30 किलोमीटर है, जिसमें 44.168 किलोमीटर सड़क पर टोल लागू होगा।
कॉजवे की लंबाई 10 गुना मानकर लगेगा शुल्क
सड़क पर बने 132.5 मीटर लंबे कॉजवे को भी टोल की गणना में शामिल किया गया है। इसकी वास्तविक लंबाई 0.132 किलोमीटर है, लेकिन नियमों के तहत इसे 10 गुना मानकर 1.32 किलोमीटर सड़क के बराबर गिना गया है। सड़क और कॉजवे दोनों के लिए निर्धारित प्रति किलोमीटर आधार दर का 60 प्रतिशत शुल्क वाहनों से लिया जाएगा।
निजी कार, जीप और वैन को पूरी छूट
नियमों के अनुसार निजी इस्तेमाल के लिए पंजीकृत कार, जीप, वैन और हल्के मोटर वाहनों को टोल टैक्स से पूरी तरह छूट दी गई है। इसके अलावा, जहां सर्विस रोड या वैकल्पिक सड़क उपलब्ध होगी, वहां उसका उपयोग करने वाले दोपहिया वाहनों को भी टोल नहीं देना होगा। यह शुल्क मुख्य रूप से वाणिज्यिक और मालवाहक वाहनों पर लागू होगा।
बार-बार आने-जाने वालों को पास की सुविधा
इस मार्ग से नियमित यात्रा करने वालों के लिए पास की विशेष व्यवस्था की गई है। एक बार टोल भुगतान करने के बाद 24 घंटे के भीतर दो एकतरफा यात्राओं के लिए सामान्य एकतरफा शुल्क का डेढ़ गुना देना होगा। नियमित यात्रियों के लिए 50 एकतरफा यात्राओं का पास भी बनवाया जा सकेगा, जिसके लिए 50 यात्राओं के कुल शुल्क का दो-तिहाई भुगतान करना होगा। टोल टैक्स की दरों में हर साल संशोधन किया जाएगा।