Mumbai News: बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मिली जीत के बाद जन सुराज पार्टी प्रमुख प्रशांत किशोर ने मुंबई का दौरा किया है। बुधवार रात मुंबई पहुंचे प्रशांत किशोर ने गुरुवार को महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनित्रा पवार और एनसीपी नेता पार्थ पवार के साथ करीब छह घंटे तक बंद कमरे में मैराथन बैठक की।
दोनों पक्षों ने आधिकारिक तौर पर इस मैराथन बैठक पर पूरी तरह चुप्पी साध रखी है। हालांकि राजनीतिक गलियारों में इस मीटिंग के कई रणनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि बैठक में एनसीपी संगठन को मजबूत करने और आगामी निकाय चुनावों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में एनसीपी के संगठनात्मक ढांचे में जरूरी बदलाव करने और पार्टी नेतृत्व को मजबूत करने पर विचार-विमर्श हुआ। हाल ही में पार्टी के महिला, युवा और छात्र संगठनों में हुई नई नियुक्तियों को इसी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी नए चुनावी रोडमैप पर काम कर रही है।
बीजेपी के साथ बदलते राजनीतिक समीकरणों और शरद पवार गुट की गतिविधियों को देखते हुए एनसीपी नए विकल्पों पर मंथन कर रही है। कांग्रेस द्वारा सुनित्रा पवार को “गूंगी गुड़िया” कहे जाने के मुद्दे पर भी बातचीत हुई। माना जा रहा है कि निकाय चुनावों में प्रशांत किशोर बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।