New Delhi News: रेलवे भर्ती बोर्ड की ओर से ग्रुप डी परीक्षा की एग्जाम सिटी डिटेल्स आज जारी की जा सकती है। अभ्यर्थी अपने संबंधित रीजनल आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इसे डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा का आयोजन 3 से 21 अगस्त तक किया जाएगा।
22,195 पदों पर होगी भर्ती, 10 दिन पहले मिलेगी सिटी स्लिप
रेलवे में ग्रुप डी के कुल 22,195 पदों को भरने के लिए यह परीक्षा आयोजित की जा रही है। नियमों के मुताबिक परीक्षा शुरू होने से ठीक 10 दिन पहले एग्जाम सिटी इंटीमेशन स्लिप जारी की जाती है। अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड परीक्षा की तारीख से चार दिन पहले उपलब्ध कराए जाएंगे।
ऐसे डाउनलोड करें अपनी एग्जाम सिटी स्लिप
एग्जाम सिटी स्लिप देखने के लिए अभ्यर्थियों को सबसे पहले अपने संबंधित रीजनल आरआरबी की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाना होगा। इसके बाद होमपेज पर दिए गए एग्जाम सिटी डिटेल्स वाले लिंक पर क्लिक करना होगा। अब अपनी लॉगिन डिटेल्स दर्ज करते ही स्लिप स्क्रीन पर दिख जाएगी।
जानें किस विभाग में कितने पदों पर होंगी नियुक्तियां
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत सबसे ज्यादा 11,032 पद ट्रैक मेंटेनर ग्रेड-फोर के हैं। इसके अलावा प्वाइंट्समैन-बी के 5,053 और असिस्टेंट सिग्नल एंड टेलीकॉम के 1,509 पद शामिल हैं। आरआरबी प्रयागराज के अंतर्गत 1,183 पदों पर भर्तियां की जाएंगी, जिनमें 600 पद सिर्फ ट्रैक मेंटेनर के हैं।
परीक्षा केंद्र पर अनिवार्य होगा बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन
परीक्षा हॉल में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों का आधार-लिंक्ड बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन किया जाएगा। इसके लिए उम्मीदवारों को अपना ओरिजिनल आधार कार्ड या ई-वेरिफाइड आधार का प्रिंटआउट साथ लाना होगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे यूआईडीएआई (UIDAI) पोर्टल पर अपना बायोमेट्रिक अनलॉक रखें।
चयन प्रक्रिया और परीक्षा का नया पैटर्न
उम्मीदवारों का चयन सिंगल स्टेज कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) और शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) के जरिए होगा। 90 मिनट के सीबीटी में 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें जनरल साइंस व गणित से 25-25, रीजनिंग से 30 और करेंट अफेयर्स से 20 सवाल होंगे। प्रत्येक गलत उत्तर पर एक-तिहाई अंक काटा जाएगा।