आईबीपीएस ने कस्टमर सर्विस एसोसिएट पदों पर निकाली भर्ती, 1 अगस्त से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन

Share

- Advertisement -

Education News: बैंकिंग क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सोनेल सिलेक्शन (IBPS) ने ग्राहक सेवा सहयोगी (पूर्व में क्लर्क) पदों के लिए संक्षिप्त अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत आवेदन प्रक्रिया 1 अगस्त से शुरू होकर 21 अगस्त तक चलेगी।

राष्ट्रीयकृत बैंकों में इस बार 10 से 12 हजार पदों पर रिक्तियां आने की उम्मीद है। हालांकि, बैंकों से मिलने वाली अंतिम सूची के अनुसार पदों की संख्या में घट-बढ़ सकती है। पात्र उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं, जबकि विस्तृत अधिसूचना जल्द जारी की जाएगी।

दो चरणों में होगी परीक्षा, आयु सीमा और योग्यता के जानिए कड़े नियम

भर्ती प्रक्रिया दो चरणों में आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा शामिल हैं। मुख्य परीक्षा के बाद दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस भर्ती के लिए किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक और 20 से 28 वर्ष की आयु वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।

आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी। इसमें एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष, जबकि ओबीसी वर्ग को 3 वर्ष की छूट मिलेगी। चयनित उम्मीदवारों को 24,050 रुपये से लेकर 64,480 रुपये तक पे-स्केल के अनुसार सैलरी मिलेगी।

नेगेटिव मार्किंग के साथ होगी परीक्षा, मुख्य परीक्षा के अंकों से बनेगी मेरिट

प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा दोनों ही ऑब्जेक्टिव पैटर्न पर होंगी। परीक्षा में हर गलत उत्तर देने पर 0.25 अंक की नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान रखा गया है। मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उम्मीदवारों को स्थानीय भाषा का टेस्ट देना होगा, बशर्ते उन्होंने 10वीं तक वह भाषा न पढ़ी हो।

अंतिम चयन सूची और मेरिट लिस्ट केवल मुख्य परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर ही तैयार की जाएगी। अभ्यर्थी केवल किसी एक राज्य के लिए ही आवेदन जमा कर सकते हैं, हालांकि उन्हें परीक्षा केंद्र के लिए दूसरे राज्य का विकल्प भी दिया जा सकता है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News