Shimla News: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने कई पदों के लिए आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट के परिणाम जारी कर दिए हैं। अभ्यर्थी अपना रिजल्ट आयोग की आधिकारिक वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन पर जाकर देख सकते हैं। सफल उम्मीदवारों को अब अगले चरण की प्रक्रिया के लिए बुलाया गया है।
आयोग ने स्टेनो टाइपिस्ट, साइंटिफिक असिस्टेंट (डिजिटल फॉरेंसिक), फिजिक्स टीचर, बायोलॉजी टीचर और भूगोल शिक्षक के पदों के नतीजे घोषित किए हैं। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि स्टेनो टाइपिस्ट के एक पद के लिए 21 उम्मीदवारों को शॉर्ट हैंड और टाइपिंग टेस्ट के लिए शॉर्ट लिस्ट किया गया है।
विभिन्न पदों की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की तिथियां
साइंटिफिक असिस्टेंट के एक पद हेतु पास 4 उम्मीदवारों की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन 7 अगस्त को होगी। फिजिक्स टीचर के 78 पदों के लिए 203 उम्मीदवार पास हुए हैं, जिनकी जांच 5 अगस्त को होगी। बायोलॉजी टीचर के 78 पदों के लिए 192 अभ्यर्थियों की वेरिफिकेशन भी 7 अगस्त को रखी गई है।
भूगोल शिक्षक के 99 पदों के लिए आयोजित परीक्षा में 202 उम्मीदवार सफल हुए हैं। इन उम्मीदवारों की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन प्रक्रिया 11 अगस्त को आयोजित की जाएगी। आयोग सभी अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत ईमेल आईडी पर इस संबंध में जानकारी भेजेगा। उम्मीदवारों को कोई अलग से बुलावा पत्र नहीं भेजा जाएगा।
अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक दिशानिर्देश और शर्तें
दस्तावेज जांच के समय सभी उम्मीदवारों को आवश्यक प्रमाणपत्रों की मूल प्रतियां और दो-दो सेट फोटोकॉपी लानी होंगी। इसके साथ ही पहचान पत्र भी साथ लाना अनिवार्य है। सचिव ने स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने वाले उम्मीदवारों को दूसरा अवसर नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थी समय पर पहुंचकर प्रक्रिया पूरी करें।