Palampur News: भारतीय वन सेवा (आईएफएस) अधिकारी वासु डोगर ने गुरुवार को पालमपुर वन मंडल के प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) का पदभार संभाल लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात कर कार्ययोजना पर चर्चा की।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान डीएफओ वासु डोगर ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि वन संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और जैव विविधता का बचाव उनकी मुख्य प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। विभाग इन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए प्रतिबद्धता से काम करेगा।
अवैध कटान रोकने और मानव-वन्यजीव संघर्ष से निपटने के लिए बनेगी रणनीति
डीएफओ ने कहा कि अवैध कटान, वन अपराधों और मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसी गंभीर चुनौतियों से निपटने के लिए विभाग प्रभावी रणनीति बनाएगा। इसके लिए पूरे वन मंडल में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पालमपुर वन मंडल की भौगोलिक स्थितियों और वन क्षेत्र का विस्तृत अध्ययन किया जा रहा है। इस अध्ययन के आधार पर प्राथमिकता तय करते हुए नई कार्ययोजना तैयार की जाएगी ताकि वन संपदा का बेहतर प्रबंधन हो सके।