सरदार पटेल यूनिवर्सिटी के बी.एड. कोर्स में बिना प्रवेश परीक्षा के मिलेगा दाखिला, 370 खाली सीटों के लिए ओपन काउंसलिंग का ऐलान

Share

- Advertisement -

Mandi News: अगर आपने बी.एड. में दाखिले के लिए कोई प्रवेश परीक्षा नहीं दी है, तब भी आपके पास कॉलेज में सीट हासिल करने का बड़ा मौका है। सरदार पटेल यूनिवर्सिटी ने बी.एड. कोर्स की खाली पड़ी 370 सीटों को भरने के लिए ओपन काउंसलिंग का ऐलान किया है। इसके जरिए बिना टेस्ट के भी प्रवेश मिल सकेगा।

यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. ललित कुमार अवस्थी ने बताया कि कुल 1450 बी.एड. सीटों में से 150 सीटें मैनेजमेंट कोटे की हैं। बाकी बची 1300 सीटों के लिए दो दौर की काउंसलिंग पूरी हो चुकी है। इन दो चरणों के माध्यम से 930 अभ्यर्थियों को सीटें दी जा चुकी हैं। अब शेष 370 सीटों के लिए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने ओपन काउंसलिंग कराने का फैसला लिया है।

यह ओपन काउंसलिंग 31 अगस्त और 1 सितंबर को सरदार पटेल यूनिवर्सिटी के कैंपस में आयोजित होगी। कुलपति के मुताबिक, पहले इन सीटों पर दाखिले के लिए एंट्रेंस टेस्ट देना अनिवार्य होता था। हालांकि, इस बार इस शर्त को हटा दिया गया है। अब कोई भी योग्य छात्र जरूरी शैक्षणिक दस्तावेजों के साथ तय तारीखों पर सीधे काउंसलिंग में हिस्सा ले सकता है।

उल्लेखनीय है कि सरदार पटेल यूनिवर्सिटी के तहत मंडी और कुल्लू जिले के कुल 12 बी.एड. संस्थान आते हैं। इन सभी सेंटर्स को मिलाकर बी.एड. की कुल 1450 सीटें उपलब्ध हैं। नेरचौक के पास स्थित इस यूनिवर्सिटी का निर्माण पूर्व जयराम सरकार के दौरान किया गया था। अब खाली सीटों को भरने के लिए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्रों को यह राहत दी है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News