दीपावली के बाद काम पर लौटने वालों की भीड़: ऊना बस अड्डे पर मारामारी, HRTC ने चलाईं 12 विशेष बसें

Share

- Advertisement -

Una News: दीपावली का त्योहार मनाने के बाद औद्योगिक क्षेत्रों और बड़े शहरों में काम करने वाले लोगों की वापसी शुरू हो गई है। मंगलवार को ऊना बस अड्डे पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। यात्रियों को राहत देने के लिए एचआरटीसी ने दोपहर तक 12 विशेष बसें चलाईं और शाम को अतिरिक्त बसें भेजने की तैयारी की है।

त्योहारी सीजन में परिजनों के साथ दीपावली मनाने के बाद अब कामकाजी लोगों की अपने कार्यस्थलों पर वापसी शुरू हो गई है। जिला ऊना, कांगड़ा और हमीरपुर से बद्दी, नालागढ़, चंडीगढ़ और दिल्ली सहित अन्य औद्योगिक एवं बड़े शहरों में काम करने वाले युवा और कामगार मंगलवार को बड़ी संख्या में रवाना हुए। इसके चलते ऊना स्थित अंतरराज्यीय बस अड्डे (ISBT) पर सुबह से ही यात्रियों की भारी भीड़ जुटने लगी।

बसों में सीट पाने के लिए यात्रियों को लंबे इंतजार के साथ कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। टिकट काउंटरों पर भी यात्रियों की लंबी कतारें लगी रहीं और टिकट को लेकर आपाधापी की स्थिति बनी रही। कई रूटों की बसों में सीट न मिलने पर कुछ यात्रियों की बस अड्डा कर्मचारियों के साथ तीखी बहस भी हुई।

व्यवस्था बनाने फील्ड में उतरी HRTC की टीम

यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) ऊना डिपो के अड्डा प्रभारियों की टीम खुद फील्ड में उतरी। अधिकारियों ने नालागढ़, बद्दी और चंडीगढ़ जाने वाले काउंटरों पर व्यवस्था संभाली और यात्रियों की समस्याएं सुनकर उन्हें चरणबद्ध तरीके से बसों में सीटें उपलब्ध करवाईं। अधिकारियों की इस सक्रियता से बस अड्डे पर परेशान हो रहे यात्रियों को बड़ी राहत मिली।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए एचआरटीसी के ऊना और हरोली डिपो की ओर से दोपहर तक करीब 12 विशेष बसों का संचालन किया गया।

शाम को और बढ़ाई जाएंगी विशेष बसें: RM राजेश जोशी

एचआरटीसी ऊना डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक (RM) राजेश जोशी ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए अतिरिक्त बसें चलाई गई हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों की संख्या को देखते हुए शाम तक विशेष बसों के संचालन का आंकड़ा और बढ़ाया जाएगा, ताकि किसी भी कामकाजी व्यक्ति को अपने गंतव्य तक पहुंचने में असुविधा न हो।

यात्रियों ने व्यवस्था को बताया राहत भरा, शहर में लगा जाम

बस अड्डे पर मौजूद यात्री यशनप्रीत, तृप्ता देवी और परमिंदर ने बताया कि उन्हें करीब आधा-आधा घंटा बसों का इंतजार करना पड़ा, जिसके बाद उन्हें चंडीगढ़, नालागढ़, बद्दी और दिल्ली के लिए बसें उपलब्ध हो सकीं। यात्रियों ने निगम प्रबंधन द्वारा अतिरिक्त बसें चलाए जाने के कदम को बेहद राहत भरा बताया।

उधर, बसों के अलावा बड़ी संख्या में लोग अपने निजी वाहनों से भी कार्यस्थलों की ओर लौट रहे हैं। निजी गाड़ियों की संख्या बढ़ने से ऊना शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों का लंबा जाम लग रहा है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भी आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News