Una Murder Case: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में दिवाली की रात हुए दर्दनाक दोहरे हत्याकांड के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है। इस खूनी संघर्ष में एक दंपति की मौत हो गई है, जबकि थार गाड़ी से कुचलने और मारपीट की इस घटना में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। न्यूज18 के पास दोनों मामलों की एफआईआर की कॉपी मौजूद है, जिसके तहत पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 3(5) और 115(2) के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहले पक्ष की शिकायत: थार से कुचलकर हत्या का आरोप
बदोली गांव के शिकायतकर्ता अजमेर सिंह ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 8 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे जब उनका परिवार घर के बाहर दिवाली मना रहा था, तब मोहल्ले के ही जरनैल सिंह (जैला) और उसके बेटे केशव ने अपनी थार गाड़ी से उनके घर के बाहर पहुंचकर हंगामा किया। आरोप है कि दोनों ने “आज इनको छोड़ेंगे नहीं, सभी को मार डालेंगे” कहते हुए तेजी से थार गाड़ी उनके बेटे ओंकार सिंह, बहू वीना देवी, पत्नी सुषमा और खुद अजमेर सिंह पर चढ़ा दी।
शिकायत के मुताबिक, गाड़ी की चपेट में आने से ओंकार, वीना और सुषमा नीचे गिर गए, जिसके बाद आरोपियों ने बार-बार गाड़ी उनके ऊपर चढ़ाई। परिवार के लोग घायलावस्था में ओंकार और वीना को ऊना अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। अजमेर सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि करीब एक महीना पहले भी जरनैल सिंह ने उनके बेटे ओंकार को जान से मारने की धमकी दी थी और पुरानी रंजिश के चलते इस पूरी घटना को सोची-समझी साजिश के तहत अंजाम दिया गया है।
दूसरे पक्ष की शिकायत: आपसी रंजिश और मारपीट का दावा
दूसरी ओर, हत्यारोपी जरनैल सिंह के 15 वर्षीय बेटे केशव ठाकुर ने भी पुलिस में क्रॉस शिकायत दर्ज कराई है। केशव ने अपने बयान में बताया कि वह सरकारी स्कूल में 11वीं का छात्र है और पड़ोसियों के साथ उनकी पुरानी रंजिश चली आ रही है। घटना की रात जब वे अपने घर के आंगन में पटाखे चला रहे थे, तो पड़ोसी पक्ष के लोग उन्हें गालियां देने लगे।
केशव के अनुसार, परमजीत हाथ में दराट लेकर उनके घर के गेट पर आया और उसके साथ फतेह सिंह, अनु, तेजसवीर सिंह और ओंकार सिंह भी मौजूद थे। आरोप है कि परमजीत ने दराट से हमला कर उसके सिर पर चोट पहुंचाई, जबकि ओंकार ने उसके पिता जरनैल सिंह के सिर पर वार किया। मारपीट के दौरान उनके घर के गेट की लाइटें भी तोड़ दी गईं। केशव का कहना है कि बचाव और गुस्से में उसके पिता ने थार स्टार्ट की और वह भी गाड़ी में बैठ गया, जिसके बाद गाड़ी से टक्कर लगने की यह घटना हुई। इसके बाद वे अपनी दुकान पर पहुंचे और दूसरी कार से ऊना अस्पताल आए, जहां अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में ओंकार सिंह और उनकी पत्नी वीना मृत पाए गए।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
ऊना के एसपी सचिन हीरेमठ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है। इस सनसनीखेज वारदात के सभी पहलुओं, घायलों के बयानों और घटनास्थल के हालातों की बारीकी से जांच की जा रही है। घटना के बाद से इलाके में तनाव और शोक का माहौल है।