Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के बदोली गांव में दिवाली की रात दो पक्षों के विवाद में पति-पत्नी की मौत हो गई। घटना में एक पक्ष पर तेज रफ्तार थार गाड़ी चढ़ाने और दूसरे पक्ष पर दराट से हमला करने का आरोप है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर बदोली गांव में दिवाली की रात (8 नवंबर) दो पक्षों के बीच हुए हिंसक विवाद में एक दंपति की मौत हो गई। मृतकों की पहचान ओंकार सिंह और उनकी पत्नी वीना देवी के रूप में हुई है। पटाखे चलाने और पुरानी रंजिश को लेकर शुरू हुए इस विवाद में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
घटना में गंभीर रूप से घायल ओंकार सिंह और वीना देवी को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद देर रात ऊना अस्पताल में काफी हंगामा भी हुआ, जिसे शांत करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। फिलहाल दोनों शवों को मोर्चरी में रखा गया है, जिनका सोमवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए गंभीर आरोप
इस मामले में एक पक्ष के अजमेर सिंह निवासी बदोली ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि रात करीब 9:30 बजे पड़ोसी जरनैल सिंह उर्फ जैला अपने बेटे केशव के साथ थार गाड़ी में उनके घर के गेट के बाहर पहुंचा। आरोप है कि उन्होंने जान से मारने की नीयत से तेज रफ्तार गाड़ी परिवार के सदस्यों पर चढ़ा दी। इस घटना में अजमेर सिंह, उनकी पत्नी सुषमा देवी, बेटा ओंकार सिंह और बहू वीना देवी घायल हो गए, जिनमें से ओंकार सिंह और वीना देवी ने दम तोड़ दिया।
वहीं, दूसरे पक्ष के केशव ठाकुर निवासी बदोली ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि 8 नवंबर की रात वह अपने परिवार के साथ घर के आंगन में पटाखे चला रहा था। इसी दौरान पड़ोसी परमजीत, फतेह सिंह, अनु, तेजस्वीर सिंह और ओंकार सिंह के साथ पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी हो गई। केशव ने आरोप लगाया कि परमजीत ने उसके सिर पर दराट से हमला किया, जबकि ओंकार सिंह ने उसके पिता जरनैल सिंह के साथ दराट से मारपीट की। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इसके बाद जरनैल सिंह ने थार गाड़ी से ओंकार सिंह, उसकी पत्नी वीना और सुषमा देवी को टक्कर मार दी।
गांव में पुलिस बल तैनात, आरोपी पीजीआई रेफर
इस मारपीट में आरोपी पक्ष को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद आरोपी भी इलाज के लिए ऊना अस्पताल पहुंचा था, जहां से उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया है। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों में पहले से रंजिश चल रही थी और आरोपी कार बाजार का काम करता है।
एसपी ऊना सचिन हीरेमठ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बदोली गांव में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना में दो लोगों की मौत हुई है। पुलिस थाना ऊना में दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस अभियोग दर्ज कर घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
अंब-ऊना नेशनल हाईवे से करीब पांच किलोमीटर अंदर स्थित बदोली गांव में सोमवार सुबह से सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने गांव को जाने वाली सड़क पर घटनास्थल से एक किलोमीटर पहले नाकेबंदी कर दी है और वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।