सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग’ में मेनका गांधी पर बड़े खुलासे: देवरानी-जेठानी के रिश्तों में यूं आई खटास, घर छोड़ने की पूरी कहानी

Share

- Advertisement -

Delhi News: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ मंगलवार को रिलीज हो गई। इस पुस्तक में सोनिया गांधी ने गांधी परिवार के कई निजी और अनछुए पहलुओं को उजागर किया है। किताब में उन्होंने अपनी देवरानी मेनका गांधी के परिवार में आने, शुरुआती अच्छे रिश्तों और बाद में पैदा हुई गहरी कड़वाहट व उनके घर छोड़ने के घटनाक्रम का विस्तार से उल्लेख किया है।

सोनिया गांधी ने लिखा है कि 1973 के अंत में जब संजय गांधी की मुलाकात 18 वर्षीय मेनका आनंद से हुई, तो एक वर्ष के भीतर दोनों का विवाह हो गया। शुरुआती दिनों में मेनका का स्वभाव बेहद जिंदादिल और मिलनसार था। घर में एक छोटी देवरानी का होना अच्छा लगता था और बेटी प्रियंका भी अक्सर अपनी चाची के कमरे में बैठकर कहानियां सुना करती थी। हालांकि, समय बीतने के साथ परिवार के भीतर का माहौल बदलने लगा।

‘बहुरानी’ और ‘छोटी बहू’ संबोधन से शुरू हुई खींचतान

किताब के अनुसार, तनाव की शुरुआत घर में दोनों बहुओं को पुकारे जाने वाले संबोधन से हुई। स्टाफ बड़ी बहू सोनिया को ‘बहुरानी’ और संजय की पत्नी होने के नाते मेनका को ‘छोटी बहू’ कहता था। इंदिरा गांधी दोनों को बराबर मानती थीं, लेकिन मेनका ने संभवतः इसे खुद को कम आंके जाने के रूप में लिया।

सोनिया लिखती हैं कि धीरे-धीरे तीखी बहसें बढ़ने लगीं। जब कभी बात सीमा से बाहर जाती, तो वह भी कड़े शब्दों में जवाब देती थीं। संजय और मेनका के बीच के मतभेद भी सार्वजनिक होने लगे थे और कभी-कभी नाराजगी में मर्यादाएं टूटने से परिवार असहज हो जाता था।

1977 की हार और राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं ने बढ़ाई दूरी

मार्च 1977 में आपातकाल हटने के बाद कांग्रेस को चुनाव में भारी हार का सामना करना पड़ा। इंदिरा गांधी और संजय गांधी दोनों चुनाव हार गए। सोनिया गांधी के अनुसार, राजीव गांधी का मानना था कि इन नतीजों के पीछे संजय की जिद और बिना सोचे-समझे लिए गए फैसले जिम्मेदार थे। परिवार की एक तीखी बातचीत में राजीव ने संजय से नाराजगी जताई, जिसका इंदिरा गांधी ने भी समर्थन किया।

सोनिया का आरोप है कि मेनका परिवार के प्रति आक्रामक रुख रखने लगीं और मीडिया में कई भ्रामक बातें फैलाई गईं। यहां तक कि यह अफवाह भी उड़ाई गई कि चुनाव हारने के बाद राजीव और सोनिया देश छोड़कर जाने की योजना बना रहे थे।

संजय की मृत्यु के बाद गहराया विवाद और घर छोड़ना

23 जून 1980 को विमान हादसे में संजय गांधी के निधन के बाद स्थिति और जटिल हो गई। मेनका के समर्थक उन्हें पार्टी में बड़ी भूमिका देने की मांग करने लगे, लेकिन इंदिरा गांधी का मानना था कि 23 वर्ष की उम्र और तीन महीने के बच्चे की देखरेख के चलते मेनका अभी ऐसी जिम्मेदारी के लिए बहुत छोटी और अपरिपक्व हैं।

मार्च 1981 में मेनका ने अपने बेटे फिरोज वरुण गांधी का पहला जन्मदिन राजनीतिक विरोधी वसुंधरा राजे के घर पर मनाया, जिससे तनाव चरम पर पहुंच गया। बाद में इंदिरा गांधी ने मेनका को स्पष्ट विकल्प दिया कि वे नियमों से रहें या अलग रास्ता चुनें। मेनका ने आरोपों से भरा पत्र भेजा और सार्वजनिक विवाद के बीच घर छोड़ दिया। सोनिया गांधी ने लिखा कि उस दौरान वह और राजीव घर पर नहीं थे, फिर भी दोष उन पर मढ़ने का प्रयास हुआ। बाद के वर्षों में परिवार ने वरुण गांधी से मिलने के अधिकारों के लिए कानूनी प्रयास भी किए, लेकिन सफलता नहीं मिली।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News