Una News: ऊना के इंदिरा खेल मैदान में आयोजित एंटी-चिट्टा वॉकथॉन के दौरान तेज धूप और उमस से हालात बिगड़ गए। कार्यक्रम में शामिल 14 छात्राएं और 2 महिला शिक्षिकाएं अचानक अचेत होकर गिर पड़ीं। अचानक 16 लोगों की तबीयत बिगड़ने से मौके पर हड़कंप मच गया, जिसके बाद सभी को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया।
मरीजों की अचानक बढ़ती संख्या के कारण क्षेत्रीय अस्पताल ऊना का इमरजेंसी वार्ड पूरी तरह भर गया। स्थिति को देखते हुए पीड़ित छात्राओं को अतिरिक्त आपातकालीन कक्ष और नवनिर्मित वार्ड में भर्ती कराया गया। मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. संजय मनकोटिया ने स्वास्थ्य टीम के साथ मोर्चा संभालते हुए सभी का तुरंत प्राथमिक उपचार शुरू कराया।
अस्पताल पहुंचे सीएम सुक्खू, नर्सों ने उठाई स्टाफ की कमी
छात्राओं के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री अस्पताल पहुंचे। मुख्यमंत्री ने छात्राओं से मिलकर उनका हालचाल जाना। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्सों ने मुख्यमंत्री के सामने कर्मचारियों की कमी का मुद्दा उठाया। सीएम ने जल्द नए डॉक्टर और स्टाफ तैनात करने का भरोसा दिया।
घटना की खबर पाकर ऊना के भाजपा विधायक सतपाल सिंह सत्ती भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने सरकार की नशा विरोधी मुहिम को सही बताया, लेकिन व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। सत्ती ने कहा कि भीषण उमस और गर्मी में स्कूली बच्चों को बुलाना लापरवाही भरा कदम है। हालांकि, डॉक्टरों के अनुसार अब सभी छात्राओं की हालत खतरे से बाहर है।