हिमाचल के ऊना जिले में 17 सितंबर को सभी शिक्षण संस्थान रहेंगे बंद, मुख्यमंत्री ने की अवकाश की घोषणा

Share

- Advertisement -

Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में छात्रों और शिक्षकों के लिए बड़ा फैसला लिया गया है। जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल, कॉलेज तथा तकनीकी संस्थान 17 सितंबर को पूरी तरह बंद रहेंगे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के ऐलान के बाद जिला प्रशासन ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं।

उपायुक्त जतिन लाल ने आदेश की पुष्टि करते हुए बताया कि यह छुट्टी हर स्तर के शिक्षण संस्थानों पर लागू होगी। जिले के तमाम सरकारी व निजी स्कूल, डिग्री कॉलेज, बीएड कॉलेज, पॉलीटेक्निक और आईटीआई बंद रहेंगे। आदेश के मुताबिक छात्रों के साथ टीचिंग और नॉन-टीचिंग स्टाफ को भी पूरी छुट्टी दी गई है।

एंटी-चिट्टा वॉकथॉन में युवाओं का उत्साह देखकर लिया फैसला

यह फैसला ऊना में आयोजित नशा विरोधी एंटी-चिट्टा वॉकथॉन के बाद लिया गया। इस अभियान में विभिन्न संस्थानों के हजारों छात्रों, युवाओं और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए मुख्यमंत्री सुक्खू युवाओं की रिकॉर्ड भागीदारी और नशा मुक्ति के प्रति उनकी एकजुटता से काफी प्रभावित हुए।

युवाओं के इस सकारात्मक सहयोग की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने मंच से 17 सितंबर के एक दिवसीय अवकाश की घोषणा की। मुख्यमंत्री के ऐलान के तुरंत बाद उच्च शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन ने कदम उठाया। प्रशासन ने आधिकारिक अधिसूचना जारी कर सभी संबंधित संस्थानों को आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News