Solan News: हिमाचल प्रदेश सरकार अति निर्धन परिवारों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए लगातार काम कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कंडाघाट में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि इस योजना से जरूरतमंदों को हर संभव मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि कोई भी परिवार सुविधाओं के अभाव में नहीं रहेगा।
दो लाख गरीब लोगों को मिलेंगी मुफ्त बिजली और पेंशन जैसी सुविधाएं
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि योजना के तहत पात्र परिवारों को हिमकेयर, सहारा योजना, मकान बनाने में मदद, सस्ता राशन और 300 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाएगी। इसके अलावा महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये और बुजुर्गों को समय पर पेंशन मिलेगी। प्रदेश के करीब दो लाख गरीब लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
कंडाघाट और सोलन ब्लॉक में 1500 से अधिक परिवार हुए शामिल
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार अब तक कंडाघाट विकास खंड के 798 और सोलन के 713 परिवारों को इस योजना से जोड़ा जा चुका है। मंत्री ने कहा कि पात्र परिवार 20 सितंबर तक संबंधित कार्यालय में अपना आवेदन जमा करवा सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिए।
वार्षिक आय 75 हजार से कम होने पर मिलेगा सीधा लाभ
बीडीओ मंजुला कंवर ने बताया कि बेसहारा, बुजुर्ग, विधवा, दिव्यांग और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोग इस योजना के लिए पात्र हैं। इसके लिए परिवार की सालाना आय 75 हजार रुपये या इससे कम होनी चाहिए। आवेदन के लिए परिवार रजिस्टर की नकल, मेडिकल सर्टिफिकेट और स्व-घोषणा पत्र जमा करवाना जरूरी होगा।