Mandi: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट में कॉलेज छात्रा सिया गुलेरिया की सनसनीखेज हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए विकास पटियाल की सजा का फैसला फिलहाल टल गया है। अदालत में आरोपी की मनोचिकित्सकीय मूल्यांकन (साइकेट्रिक इवैल्यूएशन) रिपोर्ट समय पर पेश न होने के कारण यह देरी हुई है, जिसे नेरचौक मेडिकल कॉलेज से मंगाया गया था।
रिपोर्ट न आने से टला फैसला
शुक्रवार को निर्धारित सुनवाई के दौरान नेरचौक मेडिकल कॉलेज से आरोपी की साइकेट्रिक इवैल्यूएशन रिपोर्ट अदालत में उपलब्ध नहीं हो सकी। इसके चलते अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (फास्ट ट्रैक) सरकाघाट की अदालत सजा पर अंतिम निर्णय नहीं ले पाई। अब इस मामले में 10 दिन बाद रिपोर्ट पेश की जाएगी, जिसके बाद सजा को लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू होगी।
अदालत ने गत 6 नवंबर को विकास पटियाल को 19 वर्षीय छात्रा सिया गुलेरिया की हत्या का दोषी करार दिया था। सजा तय करने से पहले अदालत ने आरोपी की मानसिक स्थिति के साथ-साथ उसकी सामाजिक-आर्थिक पृष्ठभूमि, शैक्षणिक योग्यता, पारिवारिक स्थिति, जेल में आचरण और सुधार की संभावनाओं से जुड़ा विस्तृत मूल्यांकन मांगा था।
कॉलेज जाते समय हुआ था हमला
गौरतलब है कि सरकाघाट उपमंडल के गांव नैण की रहने वाली 19 वर्षीय सिया गुलेरिया कॉलेज में पढ़ती थी। बीते 13 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 9:30 से 9:44 बजे के बीच जब वह कॉलेज जा रही थी, तभी गोपालपुर के बैंजी क्षेत्र में उस पर दराट से जानलेवा हमला किया गया था। गंभीर चोटें आने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी, जिससे पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया था।
43 गवाहों और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर हुआ फैसला
पुलिस ने मामले की गहन जांच के बाद अदालत में 200 से अधिक पन्नों का चालान पेश किया था। अभियोजन पक्ष की ओर से सुनवाई के दौरान कुल 43 गवाहों के बयान दर्ज कराए गए। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक जांच और डीएनए रिपोर्ट जैसे मजबूत वैज्ञानिक साक्ष्य भी अदालत में रखे गए। इसी साल 30 जुलाई को शुरू हुए इस ट्रायल के बाद, करीब तीन महीने की लंबी सुनवाई और अंतिम बहस के आधार पर 6 नवंबर को अदालत ने आरोपी को दोषी करार दिया था। अब नेरचौक मेडिकल कॉलेज से रिपोर्ट आने के बाद ही अदालत दोषी की सजा पर अपना अंतिम फैसला सुनाएगी।