New Delhi News: प्रशांत महासागर में तेजी से मजबूत हो रहा अल नीनो मार्च 2027 तक सक्रिय रह सकता है। अमेरिकी मौसम एजेंसी एनओएए (NOAA) के अनुसार, इसके 1950 के बाद अब तक का सबसे शक्तिशाली अल नीनो बनने की आशंका है, जिससे वैश्विक स्तर पर सूखा, भीषण गर्मी और चरम मौसम का खतरा बढ़ सकता है।
प्रशांत महासागर में तेजी से मजबूत हो रहा अल नीनो मार्च 2027 तक सक्रिय रह सकता है। अमेरिकी राष्ट्रीय महासागरीय एवं वायुमंडलीय प्रशासन (NOAA) ने चेतावनी दी है कि मौजूदा अल नीनो की स्थिति वर्ष 2027 की पहली तिमाही तक मजबूत से अत्यंत मजबूत बनी रह सकती है। एजेंसी के अनुसार, इसके 1950 के बाद अब तक का सबसे शक्तिशाली अल नीनो बनने की आशंका है, जो समुद्र की सतह के तापमान से जुड़े पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ सकता है।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में समुद्र की सतह का तापमान असाधारण रूप से बढ़ रहा है। अक्टूबर से अब तक प्रशांत महासागर के पश्चिमी हिस्से में समुद्र की सतह का तापमान चार डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है। 1950 के दशक में इस तरह के आंकड़ों का रिकॉर्ड रखना शुरू होने के बाद यह पहली बार है, जब तापमान में इतनी अधिक वृद्धि की पुष्टि हुई है।
अक्टूबर-दिसंबर और नवंबर-जनवरी की अवधि में ऐतिहासिक रूप से शक्तिशाली अल नीनो बनने की संभावना करीब 60 प्रतिशत जताई गई है। इस दौरान समुद्री तापमान में सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक की बढ़ोतरी हो सकती है, जो 1950 के बाद दर्ज किए गए पिछले सभी अल नीनो की तुलना में अधिक गंभीर हो सकती है।
क्या है अल नीनो और क्यों बढ़ रही है चिंता
‘इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट के अनुसार, अल नीनो प्रशांत महासागर के भूमध्यरेखीय क्षेत्र में समुद्री जल के सामान्य से अधिक गर्म होने की एक प्राकृतिक मौसमी प्रक्रिया है। इसका प्रभाव केवल समुद्र तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह दुनिया के विभिन्न हिस्सों के मौसम और जलवायु पैटर्न को सीधे प्रभावित करता है।
इसके कारण विश्व के कुछ हिस्सों में अत्यधिक बारिश और बाढ़ की स्थिति बन सकती है, तो कई क्षेत्रों में लंबे समय तक सूखा और अकाल पड़ सकता है। इसके अतिरिक्त, वैश्विक तापमान में वृद्धि, जंगलों में आग लगने की घटनाओं और अन्य चरम मौसमी परिस्थितियों का खतरा भी बढ़ जाता है।
कैसे मापी जाती है अल नीनो की स्थिति
अल नीनो, ‘अल नीनो-सदर्न ऑसिलेशन’ (ENSO) की तीन प्रमुख अवस्थाओं में से एक है। इसकी अन्य दो अवस्थाएं ‘ईएनएसओ न्यूट्रल’ और ‘ला नीना’ हैं। अल नीनो की स्थिति निर्धारित करने के लिए प्रशांत महासागर के ‘नीनो 3.4’ क्षेत्र में समुद्र की सतह के तापमान में होने वाले बदलाव को मापा जाता है।
इसके लिए ‘रिलेटिव ओशन नीनो इंडेक्स’ (RONI) का उपयोग किया जाता है। जब तीन महीने के औसत में यह सूचकांक 0.5 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो जाता है, तब मौसम वैज्ञानिकों द्वारा अल नीनो की स्थिति घोषित की जाती है।
विश्व मौसम विज्ञान संगठन भी दे चुका है चेतावनी
इससे पहले विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) ने भी अक्टूबर में असाधारण रूप से बढ़ते समुद्री तापमान को लेकर चेतावनी जारी की थी। संगठन ने तापमान के सामान्य रिकॉर्ड से काफी ऊपर जाने की आशंका जताई थी। अब एनओएए के ताजा आंकड़ों से इस चेतावनी की पुष्टि होती दिख रही है। विशेषज्ञों के अनुसार, मौजूदा अल नीनो के लगातार मजबूत होने और 2027 की शुरुआत तक सक्रिय रहने से आने वाले महीनों में दुनिया के कई हिस्सों में मौसम संबंधी चुनौतियां बढ़ सकती हैं।