चंबा रूमाल को देश-विदेश में पहचान देने वाली प्रसिद्ध हस्तशिल्पी सराज बेगम का पठानकोट में निधन

Share

- Advertisement -

Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा की पारंपरिक कशीदाकारी और प्रसिद्ध ‘चंबा रूमाल’ कला को देश-विदेश में नई पहचान दिलाने वाली जानी-मानी हस्तशिल्पी सराज बेगम का शुक्रवार को पठानकोट में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह 88 वर्ष की थीं। उनके निधन से कला जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

चंबा के पक्काटाला निवासी सराज बेगम पिछले करीब एक महीने से बीमार थीं और उन्हें सांस संबंधी दिक्कतों के साथ अन्य स्वास्थ्य समस्याएं थीं, जिसके चलते उनका पठानकोट में इलाज चल रहा था। चंबा रूमाल की प्राचीन कला को संरक्षित करने और इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने में उन्होंने अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया था।

दादी से सीखी कढ़ाई, महेशी देवी से लिया प्रशिक्षण

बचपन से ही कढ़ाई के प्रति गहरी रुचि रखने वाली सराज बेगम ने चंबा की पारंपरिक कशीदाकारी की शुरुआती बारीकियां अपनी दादी से सीखी थीं। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित प्रसिद्ध कलाकार महेशी देवी से इसका विधिवत प्रशिक्षण लिया।

उनके उत्कृष्ट हुनर को देखते हुए उन्हें उद्योग विभाग में तैनाती मिली थी, जहां उन्होंने बड़ी संख्या में युवतियों और महिलाओं को चंबा कढ़ाई का प्रशिक्षण दिया। अपनी उम्र के आखिरी पड़ाव यानी 88 वर्ष की आयु में भी वह रोजाना छह से 14 घंटे तक कशीदाकारी करती थीं। उन्होंने हजारों महिलाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें स्वरोजगार के रास्ते से जोड़ा था।

मिले कई प्रतिष्ठित सम्मान और पुरस्कार

सराज बेगम को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था। वर्ष 1983 में उन्हें राज्यपाल की ओर से विशेष सम्मान पुरस्कार मिला, और इसी वर्ष उपायुक्त चंबा ने पारंपरिक कला एवं शिल्प के लिए प्रशंसा प्रमाण पत्र प्रदान किया।

इसके बाद के वर्षों में उन्हें कई अन्य बड़े सम्मान मिले:

  • वर्ष 2002: रोटरी क्लब चंबा का उत्कृष्टता सम्मान
  • वर्ष 2006: शिल्प विद्या सम्मान
  • वर्ष 2011: हिमाचल कला संस्कृति भाषा अकादमी का राज्यस्तरीय पुरस्कार
  • वर्ष 2017: गणतंत्र दिवस के अवसर पर विशेष सम्मान

उनकी इस अपूरणीय क्षति पर चंबा शिल्प परिषद के अध्यक्ष पद्मश्री विजय शर्मा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। चंबा रूमाल कला को वैश्विक पटल पर स्थापित करने वाली सराज बेगम का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News