Sirmaur News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में सर्दियों की विधिवत शुरुआत हो गई है। जिले के सबसे ऊंचे शिखर चूड़धार में बुधवार शाम इस सीजन की पहली हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। इसके बाद पूरे पहाड़ी क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदल गया है और तेज बर्फीली हवाओं से ठिठुरन बढ़ गई है।
चूड़धार मंदिर परिसर में बिछी बर्फ की सफेद चादर
समुद्र तल से लगभग 3,647 मीटर ऊंचाई पर स्थित शिरगुल महाराज की तपोस्थली चूड़धार और आसपास की पहाड़ियों पर करीब एक इंच बर्फ जमी है। बर्फ गिरते ही पूरे इलाके में ठंड का प्रकोप अचानक काफी बढ़ गया है। बदलते मौसम के चलते स्थानीय निवासियों ने सर्दियों के भारी गर्म कपड़े निकाल लिए हैं।
चोटी पर हुई बर्फबारी का सीधा असर जिले के अन्य नजदीकी कस्बों में भी दिखने लगा है। समुद्र तल से 2,680 मीटर ऊंचाई पर बसे हरिपुरधार में तापमान तेजी से गिरकर 5 से 7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। ज्यादा ऊंचाई होने से हरिपुरधार में नौहराधार के मुकाबले काफी अधिक ठंड महसूस हो रही है।
नौहराधार में तापमान गिरा, शीतलहर से दिनचर्या प्रभावित
वहीं 2,175 मीटर की ऊंचाई पर स्थित नौहराधार में तापमान गिरकर 8 से 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सीजन के पहले हिमपात के चलते ऊंचाई वाले समूचे इलाके में शीतलहर चल पड़ी है। अचानक तापमान गिरने और ठंडी हवाओं के चलने से स्थानीय लोगों की सामान्य दिनचर्या पर सीधा असर पड़ रहा है।
पहाड़ी इलाकों में सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठिठुरन बढ़ने से लोग घरों में दुबकने या आग तापने पर मजबूर हैं। आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है, जिससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित होने लगा है।