नाहन विवाद मामला: गेट लगाने को लेकर हुए संघर्ष में पुलिस ने 12 लोगों को किया गिरफ्तार

Share

- Advertisement -

Sirmaur: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के नाहन शहर में गेट लगाने को लेकर दो समुदायों के बीच हुए विवाद के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मंगलवार शाम को दोनों पक्षों से जुड़े लोगों को पूछताछ के लिए सदर थाना नाहन बुलाया था, जिसके बाद यह गिरफ्तारियां की गईं।

गिरफ्तार किए गए लोगों पर गत 23 अक्टूबर को हुई घटना के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और शांति भंग करने का गंभीर आरोप है। पुलिस अब इस मामले में अन्य संलिप्त लोगों की पहचान करने और वारदात में इस्तेमाल की गई वस्तुओं की बरामदगी के प्रयास कर रही है।

पुलिस अधीक्षक का बयान और कानूनी कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने बताया कि इस घटना के संबंध में थाना सदर नाहन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 191(2), 191(3), 190, 132 और 324(4) तथा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

एसपी ने स्पष्ट किया कि शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कानून को अपने हाथ में लेने वालों और अशांति फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटनास्थल पर मौजूद अन्य लोगों की भी पहचान कर रही है ताकि उनकी भूमिका का पता लगाया जा सके।

23 अक्टूबर को हुआ था विवाद और पथराव

बता दें कि 23 अक्टूबर को नाहन शहर में गेट लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव उत्पन्न हो गया था। इस दौरान दोनों तरफ से पथराव हुआ था, जिसमें ईंटें और कांच की बोतलें फेंकी गई थीं। इस हिंसक झड़प में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों समेत करीब 20 लोग घायल हो गए थे। उपद्रवियों ने तहसीलदार की गाड़ी पर भी पथराव किया था, जिससे सरकारी और निजी संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचा था।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News