Shimla News: शिमला जिले की ननखड़ी तहसील के गाहन क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। नारकंडा से ननखड़ी जा रही बोलेरो कैंपर अचानक अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर घायल है।
गाहन के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिरी बोलेरो गाड़ी
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बोलेरो कैंपर पिकअप नंबर एचपी 63सी 0760 नारकंडा से ननखड़ी की तरफ आ रही थी। जैसे ही वाहन गाहन के पास पहुंचा, ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी सीधे गहरी खाई में जा लुढ़की। जोरदार आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए मौके की तरफ भागे और बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे में चालक मोहर सिंह, निवासी गांव लैलण, तहसील ननखड़ी की मौके पर ही जान चली गई। वहीं गाड़ी में सवार हरदयाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को खाई से बाहर निकाला। घायल को तुरंत सिविल हॉस्पिटल कोटगढ़ ले जाया गया, जहां से उसे शिमला रेफर कर दिया गया।