Rohru News: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले स्थित रोहड़ू के अप्पर बाजार में पारिवारिक क्लेश ने खौफनाक रूप ले लिया। एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद उसने खुद को भी चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर लिया। अस्पताल में इलाज के दौरान आरोपी पति की मौत हो गई।
घटना 10 सितंबर की दोपहर करीब 1:20 बजे की है। सीडीपीओ कार्यालय रोहड़ू से सूचना मिलते ही पुलिस टीम अप्पर बाजार में मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी बीरबल और उसकी पत्नी रचना को शौचालय के अंदर खून से लथपथ पाया। शुरुआती जांच से पता चला कि गृहकलेश के कारण ही यह हमला हुआ था।
वारदात के तुरंत बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए नागरिक अस्पताल रोहड़ू ले जाया गया। स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला रेफर कर दिया। वहां 11 सितंबर की सुबह बीरबल ने दम तोड़ दिया, जबकि उसकी पत्नी रचना की हालत अभी भी बेहद चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। इस मामले की शिकायत पीड़िता की बहन निर्मला ने दर्ज कराई है। निर्मला के बयानों के आधार पर रोहड़ू पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिमला के एसपी गौरव सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस टीम हर पहलू को ध्यान में रखकर सबूत जुटा रही है। जांच में जो भी नए तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।